“सुक्खू से बेहतर था वीरभद्र मॉडल”, पूर्व मंत्री कौल सिंह का बड़ा बयान; बोले-अपनी ही सरकार में नहीं हो रहे काम…

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता ठाकुर कौल सिंह ने मुख्यमंत्री सुक्खविन्द्र सिंह सुक्खू को लेकर बड़ा बयान दिया है। जिला मंडी के बिजनी में हुए एक कार्यक्रम में उन्होंने साफ कहा कि अपनी ही सरकार में काम नहीं हो रहे, फिर क्या फायदा।

पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के काम करने के तरीके को याद करते हुए उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह लिख देते थे अप्रवूड तो तुरंत ऑर्डर हो जाते थे।

वहीं, अब मुख्यमंत्री अप्रूव लिखते हैं, तो तीन-तीन महीने के लिए लटके रहते हैं और दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ताओं का काम हाथों हाथ हो जाता है।

स्कूल प्राचार्य भेज दिए काजा और पन्जाई

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि मैंने द्रंग के स्कूलों के लिए प्राचार्यों के लिए नाम दिए थे। एक प्राचार्य को काजा के किब्बर भेज दिया गया और दूसरे को पन्जाई। उन्होंने कहा कि पता नहीं मुख्यमंत्री के अप्रूव करने के बाद अधिकारियों के स्तर पर नोट कहां चले जाते हैं। मैंने मुख्यमंत्री को भी इस बारे में अवगत करवाया है, लेकिन अभी तक कुछ नहीं हो रहा है।

कार्यकर्ताओं में रोष

अब भी द्रंग के कई स्कूलों में शिक्षक नहीं है, जो पदोन्नत हुए उनको बाहर भेज दिया। अब लोग मेरे पास आते हैं, मैं बोलता हूं मेरा काम चिट्ठी देना है। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद भी काम न होने से कार्यकर्ताओं में रोष है। 

प्रदेश की राजनीति में हलचल

वहीं ठाकुर कौल सिंह के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल मची है। पूर्व मंत्री कौल सिंह ने सरेआम जनसभा में यह बयान दिया है। इसका वीडियो भी इंटरनेट मीडिया में प्रसारित होने लगा है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *