इटली के मिलान में हिंसक प्रदर्शन से मची अफरा-तफरी, पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी; नकाबपोशों ने तोड़ी खिड़कियां…

इटली के मिलान में रविवार को उस वक्त अराजकता फैल गई, जब सैकड़ों नकाबपोश प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के साथ झड़प की, दुकानों की खिड़कियां तोड़ दीं और शहर के केंद्र में दुकानों को लूट लिया। इसके वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

बढ़ती महंगाई और बिगड़ती सार्वजनिक सेवाओं के खिलाफ प्रदर्शनों के दौरान हिंसा भड़की। इससे एक दिन पहले इसी तरह की अशांति कई इतालवी शहरों में भी देखी गई थी।

नाकाबपोशों ने कितना उत्पात मचाया?

इतालवी समाचार आउटलेट इल पोस्ट के अनुसार, युवाओं के कई समूहों ने मिलान के मध्य इलाकों में घूम-घूमकर पटाखे फेंके, संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और विया टोरिनो, पियाजा डुओमो के आसपास और कास्टेलो जिले में दुकानों के अंदर तोड़फोड़ की।

कई ट्राम शेल्टर तोड़ दिए गए, जबकि स्कूटर, मेज और कचरे के डिब्बे पलट दिए गए। प्रदर्शनकारियों ने रिनासेंटे डिपार्टमेंट स्टोर की एक खिड़की को भी निशाना बनाया और मैकडॉनल्ड्स आउटलेट की खिड़कियों पर पत्थर फेंके।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दर्ज मंजर

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पियाजा डेल डुओमो में धुएं के गुबार के बीच भीड़ को तितर-बितर होते हुए दिखाया गया है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहनों को घेर लिया था और पुलिस अधिकारी चौक में मौजूद समूहों का सामना कर रहे थे।

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने बताया कि पियाजा डुओमो के पास सैकड़ों नकाबपोश प्रदर्शनकारियों द्वारा दुकानों की खिड़कियां तोड़ने और कूड़ेदानों में आग लगाने के बाद दंगा रोधी उपकरणों से लैस पुलिस ने आंसू गैस और पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया। सूत्रों के अनुसार, 60 से अधिक प्रदर्शनकारियों को आगे की जांच के लिए पुलिस स्टेशनों में ले जाया गया।

इल पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार शाम तक 200 से ज्यादा युवाओं को रोका गया और पुलिस थानों में ले जाया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इनमें से लगभग 80 प्रतिशत नाबालिग हैं। शनिवार को हुए हंगामे के दौरान ही कई लोगों की पहचान कर ली गई थी।

पुलिस वाया मेराविगली और पियाजाले कैडोर्ना की ओर भी बढ़ी, जहां और भी अशांति की सूचना मिली। सैन बाबिला के पास दंगा रोधी उपकरणों से लैस पुलिस से भागने की कोशिश कर रहे लगभग 10 लोगों को रोका गया। यह ताजा हिंसा शनिवार को मिलान, बोलोग्ना, ब्रेशिया, बर्गामो और ट्यूरिन में हुई झड़पों के बाद हुई।

शनिवार की झड़पों के बाद 28 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया। मिलान के मेयर ग्यूसेप्पे साला ने भी प्रदर्शनों के पीछे की शिकायतों को स्वीकार करते हुए तोड़फोड़ की निंदा की और कहा कि प्रदर्शन के कारण समझ में आते हैं, लेकिन कानून प्रवर्तन अधिकारियों के खिलाफ हिंसा और शहर को गंभीर नुकसान पहुंचाना अनुचित है।

इटली में अशांति पड़ोसी देशों फ्रांस और बेल्जियम में हिंसक प्रदर्शनों के साथ-साथ फैली, जहां बढ़ती महंगाई और सार्वजनिक सेवाओं को लेकर गुस्से ने झड़पों, लूटपाट और सुरक्षा बलों के साथ टकराव को जन्म दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *