अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में वापसी के बाद अपने पहले वर्ष के कार्यकाल में क्रिप्टोकरेंसी कारोबार पर खासा जोर दिया। इस अवधि में उनके परिवार ने इस व्यवसाय के जरिये खूब कमाई की।
दस्तावेज से जाहिर होता है कि उनके परिवार ने क्रिप्टो कारोबार से 2025 में लगभग 1.4 अरब डॉलर (13 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा) की आमदनी की।
ट्रंप को बहुत बड़ा प्रॉफिट
यूएस ऑफिस ऑफ गवर्नमेंट एथिक्स की ओर से मंगलवार को जारी दस्तावेज के अनुसार, राष्ट्रपति की पिछले वर्ष कुल मिलाकर 2.2 अरब डालर आमदनी हुई, जिसमें उनके परिवार के रियल एस्टेट समेत तमाम कारोबारों से हुई आय शामिल है।
इसकी तुलना में 2024 में उनके कारोबारों से महज 62.2 करोड़ डालर की आय हुई थी।
अमेरिकी कानून के तहत राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति को सालाना अपनी आय और संपत्तियों की जानकारी देना जरूरी है। ट्रंप की ओर से घोषित ब्योरे से ही यह जानकारी सामने आई है।
2025 में उनकी सबसे ज्यादा कमाई तब हुई जब संयुक्त अरब अमीरात से जुड़े एक निवेश फर्म ने ट्रंप परिवार की क्रिप्टो कंपनी वर्ल्ड लिबर्टी फाइनेंशियल का लगभग आधा हिस्सा खरीदा। उन्होंने $ट्रंप मीमकाइन की बिक्री और वर्ल्ड लिबर्टी के अपने डिजिटल टोकन बिक्री से भी करोड़ों डॉलर कमाए।
इस पर व्हाइट हाउस की तरफ से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि पूर्व में ट्रंप ने कहा था कि वह संघीय हितों के टकराव से जुड़े कानूनों से मुक्त हैं।