घुमंतू और अर्द्ध घुमंतू जातियों की ओर से 10 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर बुधवार को महापंचायत का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री आवास की तरफ कूच करने का प्रयास किया।
पुलिसकर्मियों द्वारा रोकने की कोशिश करने पर झड़प व धक्का-मुक्की हुई। बेकाबू भीड़ के पथराव में 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए।
विधाधर नगर में बुधवार को घुमंतू और अर्द्ध घुमंतू महासभा के अध्यक्ष रतननाथ कालबेलिया के नेतृत्व में महासभा में समाज के लिए आरक्षण की मांग की गई। प्रशासन ने महापंचायत के आयोजकों से ज्ञापन मांगा, लेकिन लोगों के सीएम आवास की तरफ कूच करने पर पुलिस के साथ झड़प हो गई।
प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज के साथ आंसू गैस के गोले छोड़े। इस कारण महापंचायत में शामिल एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है।