इलाहाबाद-झांसी खंड विधान परिषद सदस्य का चुनाव शुरू हो गया। शुक्रवार सुबह आठ बजे जिले के 152 बूथों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान की शुरुआत हुई। जनपद में 1,15,019 मतदाताओं के नाम स्नातक एमएलसी चुनाव में हैं।
शुरुआती दौर में मतदान की रफ्तार काफी धीमी नजर रही। आठ बजे से लेकर 10 बजे के बीच महज 2.85 प्रतिशत ही मतदान हुआ था। वहीं इसके बाद कुछ रफ्तार बढ़ी और दोपहर 12 बजे तक 9.54 प्रतिशत मतदान हुआ।
बूथों के आसपास राजनैतिक दलों के नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने अपने शिविर लगाए। मतदाताओं को बुला-बुलाकर सूची में उनके नाम तलाशे गए। इसके अलावा मतदान की पर्ची भी दी गई। वोटर लिस्ट में नाम न होने या खामियाें की समस्याएं सामने आईं। इसके लिए कई मतदाताओं ने कंट्रोल रूम में शिकायत भी दर्ज कराई। जोनल और सेक्टर के साथ प्रशासन के अन्य अधिकारी भी बूथों का निरीक्षण करते रहे।
आज विशेष अवकाश
मतदाताओं के लिए शुक्रवार को विशेष आकस्मिक अवकाश घोषित किया गया है। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि स्नातक एमएलसी चुनाव के मतदाताओं के लिए 23 अक्टूबर विशेष आकस्मिक अवकाश घोषित किया गया है, ताकि कोई मतदाता अपना कर्तव्य निभाने से वंचित न रहे। डीएम ने सभी मतदाताओं से बूथ पर पहुंच कर मतदान करने की अपील की है। पहचान पत्र को लेकर किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए 10 विकल्प दिए गए हैं। प्रशासन ने जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम भी बनाया है।
26 कार्मिकों ने छुड़ाया पीछा
चुनाव ड्यूटी में लगाए गए 26 कार्मिक पोलिंग पार्टी के रवानगी वाले स्थल पर 22 अक्टूबर को नहीं पहुंचे। इनमें आठ पीठासीन अधिकारी, नौ प्रथम मतदान अधिकारी, आठ द्वितीय मतदान अधिकारी और एक तृतीय मतदान अधिकारी शामिल हैं। एडीएम प्रशासन उपमा पांडेय ने बताया कि रिजर्व टीम से कार्मिकों को चुनाव के लिए भेजा गया है। कार्मिकों की अनुपस्थिति के जायज कारण थे। इसलिए कार्रवाई नहीं होगी।
मामूली त्रुटि है तो मतदान से वंचित नहीं रहेंगे मतदाता
डीएम मनीष कुमार वर्मा ने एनआइसी में अधिकारियों के साथ बैठक की। डीएम ने कहा कि किसी भी मतदाता को मतदाता सूची में मामूली लिपिकीय या मुद्रण संबंधित त्रुटियों के कारण मतदान से वंचित नहीं किया जाएगा। ऐसी स्थिति में पीठासीन अधिकारी या मतदान अधिकारी मतदाता की पहचान सुनिश्चित करेंगे। अनुमन्य दस्तावेजों अथवा मतदाता सूची में दर्ज अन्य विवरण के आधार पर वह संतुष्ट होते हैं तो मताधिकार का प्रयोग करने की अनुमति दी जाए।
मतदाता सूची की खामियों की यहां करें शिकायत
कंट्रोल रूम : 0532-2990378, 0532-2990378
कंट्रोल रूम प्रभारी मुख्य राजस्व अधिकारी : मो. 9454417813
मतदाता पहचान पत्र के यह हैं विकल्प
– आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेन्स, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट
– राज्य/केंद्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्थानीय निकायों से जारी पहचान-पत्र
– सांसदों, विधायकों, पार्षदों को जारी किए गए सरकारी पहचान-पत्र
– शैक्षिक संस्थाओं से जारी किया गया सेवा पहचान पत्र
– विश्वविद्यालय से जारी डिग्री-डिप्लोमा का मूल प्रमाण-पत्र
– सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता संबंधित मूल प्रमाण-पत्र
– यूनिक डिसएबिलिटी आइडी कार्ड, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार
लगाई गई टीम
50 – सेक्टर मजिस्ट्रेट की लगाई गई ड्यूटी
12 – जोनल मजिस्ट्रेट करेंगे निगरानी
152 – एक पीठासीन अधिकारी व तीन कार्मिक वाली पोलिंग पार्टी
152 – माइक्रो आब्जर्वर लगाए गए