नई दिल्ली स्थित वाणिज्य भवन में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी तथा वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की उपस्थिति में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मंगलवार को बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने सहभागिता की।
बैठक में कोयला सचिव विक्रम देव दत्त, अतिरिक्त सचिव सनोज कुमार झा, कोयला मंत्रालय के सलाहकार आलोक कुमार सिंह, कोल इंडिया अध्यक्ष बी. साईराम, निदेशक (बिजनेस डेवलपमेंट) कोल इंडिया आशीष कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मुख्य रूप से झरिया मास्टर प्लान (जेएमपी) के अंतर्गत संचालित कार्यों एवं उनकी प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने झरिया मास्टर प्लान के तहत कंपनी द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
उन्होंने परियोजना प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, रोजगार सृजन, कौशल विकास तथा अन्य जनकल्याणकारी एवं विकासात्मक गतिविधियों से संबंधित अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा योजना के विभिन्न घटकों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्यों की दिशा में अब तक की उपलब्धियों का विवरण साझा किया।
केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने झरिया मास्टर प्लान के अंतर्गत बीसीसीएल द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन, पुनर्वास कार्यों में गति बनाए रखने तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।