त्रिपुरा के युवक से नस्ली दुर्व्यवहार पर सख्त हुए केंद्रीय मंत्री रिजिजू, बोले-कंटेंट क्रिएटर पर होगी कार्रवाई…

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने दिल्ली के एक कंटेंट क्रिएटर पर त्रिपुरा के युवक के साथ कथित नस्ली दुर्व्यवहार की निंदा की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली और त्रिपुरा पुलिस आरोपित को कड़ा सबक सिखाएगी।

एक्स पर पोस्ट में रिजीजू ने कहा कि आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने में देरी हुई है, लेकिन आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस दुष्ट व्यक्ति को सजा मिलेगी। मंत्री ने आगे कहा कि समाज में ऐसे बुरे व्यवहार को बर्दाश्त करने वाले लोग भी नफरत फैलने के लिए जिम्मेदार हैं।

रिजीजू की यह टिप्पणी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद आई है। वीडियो में कंटेंट क्रिएटर अमीर शोकीन कथित तौर पर त्रिपुरा के एक युवक के खिलाफ नस्ली रूप से अपमानजनक टिप्पणियां करते दिख रहा है। इस घटना की पूर्वोत्तर में व्यापक निंदा हुई है।

विवाद के बाद त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने राज्य के डीजीपी को दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय करने का निर्देश दिया। दलगत सीमाओं से परे कई नेताओं ने कंटेंट क्रिएटर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

त्रिपुरा पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। इसमें शोकीन पर नस्ली उत्पीड़न, साइबर बुलिंग और राज्य के मूल निवासी समुदायों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *