मुहल्ला पटेल नगर निवासी 19 वर्षीय युवक ने खेत पर लगे यूकेलिप्टस के पेड़ पर फांसी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। उसे खोजते हुए उसके चाचा खेत पर पहुंचे तो भतीजे के शव लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। मृतक के माता पिता की 10 साल पहले व भाई की तीन साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। युवक शुक्रवार को गुजरात से घर अषाढ़ी पूजा करने आया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कस्बा के मुहल्ला पटेल नगर निवासी 19 वर्षीय ओम उर्फ रवि सिंह ने रविवार की शाम 4 बजे घर से चला गया था। रात तक घर न आने पर उसकी खोजबीन की गई तो वह खेत पर लगे यूकेलिप्टस के पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला। इस पर उसके चाचा मंगल सिंह ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने पहुंचकर जांच की और शव को नीचे उतारा। ओम उर्फ रवि सिंह के चाचा मंगल सिंह ने बताया कि ओम के पिता धीरज सिंह व मां श्यामा देवी की 10 साल पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। साथ ही तीन साल पहले उसके भाई राहुल की लीवर खराब होने से मौत हो चुकी है। ओम डेढ़ साल से गुजरात में काम करता था।
शुक्रवार को वह अषाढ़ी पूजा के लिए घर आया था और चाचा के पास ही वह रहता था। अकेले होने के कारण वह कभी-कभी मानसिक रूप से परेशान हो जाता था इसी कारण चाचा ने उसे बाहर भेज दिया था। फिलहाल खुदकुशी का कारण पता नहीं चल सका है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।