यूक्रेन का रूस के रॉकेट सेंटर पर मिसाइल हमला, 900 किलोमीटर अंदर तक किए जोरदार धमाके…

रूस और यूक्रेन के बीच अब एक-दूसरे के संवेदनशील ठिकानों को निशाना बनाने की होड़ है।

शनिवार को यूक्रेन ने दावा किया कि उसने अमेरिकी कंपनी स्पेसएक्स के स्टारलिंक जैसे सेटेलाइट नेटवर्क का विकल्प तैयार कर रहे रूसी रॉकेट सेंटर को निशाना बनाया है। साथ ही रूस की एक सैन्य हवाई पट्टी पर हमला किया है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया है कि फ्लैमिंगो क्रूज मिसाइलों से रूस में 900 किलोमीटर भीतर जाकर सामरा स्थित रूसी रॉकेट सेंटर को निशाना बनाया।

फ्लैमिंगो यूक्रेन के द्वारा विकसित क्रूज मिसाइल है जिसे उसने युद्ध के दौरान 2025 में बनाया है। जेलेंस्की ने कहा, शांति की स्थापना के लिए वह रूस की सैन्य ताकत को कम कर रहे हैं।

यूक्रेनी सेना ने रूस में निजनी की उस हवाई पट्टी को निशाना बनाकर उसे बर्बाद किया है जहां से रूसी लड़ाकू विमान उड़कर यूक्रेन पर हमला करते थे। यूक्रेनी सेना ने कहा है कि हमलों से रूस के दोनों ठिकानों में आग लग गई है।

विदित हो कि एलन मस्क की कंपनी की स्टारलिंक इंटरनेट सेवा यूक्रेन को रूस में ड्रोन हमलों में बड़ी सहायता कर रही है, साथ ही युद्ध क्षेत्र में संवाद के लिए भी स्टारलिंक यूक्रेनी सेना को अत्याधुनिक सुविधा दे रहा है।

जबकि सामरा में तैनात रूसी सेना के अधिकारियों ने कहा है कि एयर डिफेंस सिस्टम ने यूक्रेन के मिसाइल हमले को विफल कर दिया है।

क्षेत्र के गवर्नर ने यूक्रेनी मिसाइल के एक अज्ञात औद्योगिक इकाई को निशाना बनाने की बात कही है। जबकि रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसके ड्रोन, मिसाइल और टैंकों ने यूक्रेन की ईंधन, ऊर्जा और यातायात सुविधाओं को भारी नुकसान पहुंचाया है।

जिन सुविधाओं को निशाना बनाया गया है उनका उपयोग यूक्रेन की सेना करती थी। इन हमलों में यूक्रेन का चर्निहीव शहर मुख्य रूप से रूसी सेना के निशाने पर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *