जपोरीजिया के पर्यटक स्थल पर यूक्रेन का ड्रोन हमला, 11 लोगों की मौत, कई घायल…

रूस के कब्जे वाले यूक्रेन के जपोरीजिया क्षेत्र में शनिवार को यूक्रेनी ड्रोन हमले में 11 लोग मारे गए और 14 घायल हुए हैं। मृतकों में चार बच्चे भी शामिल हैं। यह हमला क्षेत्र के पर्यटक स्थल पर हुआ जहां पर लोग मनोरंजन के लिए आए थे। यूक्रेनी सेना ने इस हमले का कोई कारण नहीं बताया है।

इस बीच यूक्रेन के सूमी क्षेत्र में रूस के ड्रोन हमले में तीन लोगों के मारे जाने की सूचना है। जपोरीजिया के यूक्रेन के नियंत्रण वाले क्षेत्र में शुक्रवार रात रूस के ड्रोन हमले में एक शॉपिंग सेंटर में आग लग गई।

इस हमले में 500 वर्ग मीटर क्षेत्र में बने सेंटर आग लग गई और कई घायल हुए हैं। इससे पहले शुक्रवार को यूक्रेन की राजधानी कीव स्थित रक्षा प्रतिष्ठान पर रूस के हवाई हमले में 10 लोग मारे गए थे और करीब 100 लोग घायल हुए थे।

यूक्रेन ने दो हजार किमी दूर रूसी रिफायनरी पर किया हमला

यूक्रेन ने शनिवार को रूस के सुदूर साइबेरिया इलाके में स्थित तियूमेन आयल रिफायनरी पर ड्रोन हमला किया है। इस हमले से रिफायनरी में आग लग गई, इससे उठ रही लपटें और धुआं मीलों दूर से देखा जा रहा था। यूक्रेनी हमले से रिफायनरी को बड़े नुकसान का अंदेशा जताया गया है।

यूक्रेन ने रूस की जिस रिफायनरी पर हमला किया है वह उसकी सीमा से दो हजार किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर स्थित है। इससे पहले यूक्रेन ने 2,700 किलोमीटर दूर साइबेरिया में स्थित रूस की सबसे बड़ी रिफायनरी पर ड्रोन हमला कर उसे नुकसान पहुंचाया था।

रूसी रिफायनरियों पर यूक्रेन के लगातार हमलों से पिछले दो महीनों से पेट्रोलियम पदार्थों की रूस की घरेलू आपूर्ति प्रभावित हुई है, लोग किल्लत का सामना कर रहे हैं। इसी के साथ उसका निर्यात भी प्रभावित हुआ है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इसे देश के लिए मुश्किल समय बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *