यूक्रेन का रूस पर अब तक का सबसे बड़ा हमला, मॉस्को के सभी एयरपोर्ट बंद; तेल रिफाइनरी भी निशाने पर…

 रूस और यूक्रेन के बीच चार साल से ज्यादा समय से जारी जंग के बीच गुरुवार को एक बहुत बड़ा मोड़ आ गया। यूक्रेन ने रूस की राजधानी मॉस्को पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया है। इस हमले के बाद सुरक्षा कारणों से मॉस्को के सभी बड़े एयरपोर्ट पर उड़ानों को पूरी तरह रोक दिया गया है।

रूस की विमानन संस्था ‘रोसावियात्स्य’ ने पुष्टि की है कि हवाई क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित किया गया है। रूसी अधिकारियों का दावा है कि उन्होंने मास्को के आसमान में यूक्रेन के 180 ड्रोनों को मार गिराया है।

मॉस्को की तेल रिफाइनरी पर दोबारा हमला

इस महाहमले के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने बड़ा एलान किया है। जेलेंस्की ने बताया कि यूक्रेनी सेना ने इसी हफ्ते दूसरी बार मॉस्को की एक बहुत बड़ी तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया है।

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने टेलीग्राम बयान जारी करते हुए कहा कि यह हमारे शहरों और कस्बों पर किए गए रूसी हमलों का एक ‘बिल्कुल जायज’ जवाब है। हमारे सैनिकों ने रूस की उस सैन्य मशीनरी को चोट पहुंचाई है जो इस युद्ध को बढ़ावा देती है।

रूस के अन्य हिस्सों में भी मची तबाही

इसके अलावा राष्ट्रपति जेलेंस्की ने यह भी साफ किया कि यूक्रेनी सेना केवल मास्को तक ही सीमित नहीं रही। उनके जवानों ने रूस के रोस्तोव इलाके और यूक्रेन के उन हिस्सों में भी कई ठिकानों को सफलतापूर्वक तबाह कर दिया है, जिन पर रूस ने अवैध कब्जा कर रखा है। इस हमले के बाद से पूरे रूस में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *