रूसी हमलों से दहला यूक्रेन: कीव और खार्कीव समेत कई शहरों पर मिसाइल-ड्रोन से हमला, 7 की मौत, 67 घायल…

रूस के लगातार हमलों से सोमवार को यूक्रेन थर्रा गया। राजधानी कीव, दूसरे बड़े शहर खार्कीव समेत कई शहरों पर रूस ने मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए हैं। इन हमलों में सात लोग मारे गए और 60 से ज्यादा घायल हुए हैं।

रूसी हमले में कीव के बहुमंजिले आवासीय भवन, कार्यालय, डाटा सेंटर, गैस स्टेशन, फार्मास्यूटिकल कंपनी और नेशनल एकेडमी आफ साइंसेज की बिल्डिंग निशाना बनी है। कीव में हमलों में चार लोग मारे गए और आठ घायल हुए हैं। जबकि निप्रो में हुए हमले में तीन लोग मारे गए और 12 घायल हुए हैं।

खार्कीव में नौ मंजिली इमारत पर हुए हमले में 11 बच्चों समेत 43 लोग घायल हुए हैं। इसी प्रकार से चार्निहीव में रूसी हमले में चार लोग घायल हुए हैं।

इसके अतिरिक्त रूसी सेना ने काला सागर में एक मालवाही जहाज को निशाना बनाया गाय है और यूक्रेन के कोर्नोमोर्स्क बंदरगाह पर लंगर डाले एक अन्य जहाज पर भी हमला किया है। रूस के इन हमलों से यूक्रेन का खाद्यान्न निर्यात प्रभावित हुआ है।

यूक्रेन ने 51 वर्ग किमी जमीन छीनी

यूक्रेन की सेना ने कहा है कि वह पूर्वी दिशा में आगे बढ़ रही है और रूसी सेना को पीछे धकेलते हुए उसने अपनी खोई जमीन पर फिर से कब्जा पाना शुरू कर दिया है। यूक्रेनी सेना ने हाल में चलाए आपरेशन विवाल्डी में करीब 51 वर्ग किलोमीटर जमीन फिर से प्राप्त की है।

इस अभियान में यूक्रेनी सेना ने रोबोट से रूसी मोर्चों और उसके भीतरी भागों पर कब्जा किया। कई स्थानों पर रोबोट को ड्रोन से जमीन पर उतारा गया और उसके बाद रोबोट ने रूसी ठिकानों के नजदीक जाकर खुद को उड़ाया। इससे कई ठिकानों पर रूसी सेना को जान-माल का भारी नुकसान उठाना पड़ा। इसके अतिरिक्त यूक्रेन ने रूस के भीतर भी कई स्थानों पर ड्रोन हमले किए।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया है कि इन हमलों में रूस के तुला और वोरोनेझ इलाकों में स्थित सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। क्रैस्नोडर में स्थित एक तेल ठिकाना भी यूक्रेनी ड्रोन का निशाना बना। इसके अतिरिक्त मास्को के रास्ते पर स्थित कई आयल डिपो और कारखानों को भी ड्रोन हमलों से नुकसान पहुंचाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *