यूक्रेन-रूस युद्ध: वाइल्डबेरीज परिसर पर ड्रोन अटैक, 10 लोगों के घायल होने की खबर…

यूक्रेन ने बुधवार को रूस की सबसे बड़ी ऑनलाइन रिटेल कंपनी वाइल्डबेरीज के दो गोदामों पर ड्रोन हमला किया। इन हमलों में 10 लोगों के घायल होने की सूचना है।

यूक्रेन ने दावा किया है कि उसकी नौसेना ने बीते 48 घंटों में अजोव सागर में रूस के 13 मालवाही जहाजों पर हमले कर उन्हें नुकसान पहुंचाया है। इस बीच रूस ने जमीनी लड़ाई में पूर्वी यूक्रेन के खार्कीव और जपोरीजिया इलाकों के दो और गांवों पर कब्जा कर लिया है।

उत्तरी यूक्रेन के चार्निहीव इलाके में स्थित बिजलीघर पर हवाई हमला कर रूस ने उसे भारी नुकसान पहुंचाया है। इस हमले के कारण क्षेत्र के एक लाख लोग विद्युत आपूर्ति से वंचित हो गए हैं।

वाइल्डबेरीज की प्रमुख तात्याना किम ने बताया है कि ताजा यूक्रेनी हमलों में क्रैस्नोडर और नेविनोमिस्क स्थित गोदामों को निशाना बनाया गया है। हमले में एक महिला की मौत हुई है जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। दोनों गोदामों से उठ रहीं आग की लपटें और धुआं मीलों दूर से देखा जा सकता है।

वाइल्डबेरीज को रूस की अमेजन कहा जाता है और यह सबसे ज्यादा लोगों को रोजगार देने वाली रूसी कंपनी है। इससे पहले 18 जुलाई को यूक्रेन ने इसी कंपनी के दो गोदामों पर ड्रोन हमला किया था और उनमें आठ लोग मारे गए थे और 60 घायल हुए थे।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि रूसी सेना को हमलावर ड्रोन के निर्माण में काम आने वाले कल-पुर्जों की आपूर्ति करने के चलते वाइल्डबेरीज को निशाना बनाया गया है।

यूक्रेन से ड्रोन का आयात करेगा अमेरिका

अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन की योजना के तहत यूक्रेन अब अमेरिका को ड्रोन की आपूर्ति करेगा। यूक्रेन के सैन्य ड्रोनों की उच्च गुणवत्ता के चलते अमेरिका ने उससे इन उपकरणों के आयात का फैसला किया है।

बीते एक वर्ष में यूक्रेन ने अपने ड्रोनों की गुणवत्ता लगातार बढ़ाई है और रूस में कई हजार किलोमीटर भीतर जाकर हमले किए हैं। बताया गया है कि छह यूक्रेनी कंपनियों का अमेरिका को 100-100 ड्रोन की आपूर्ति का समझौता हुआ है।

परीक्षण के उपरांत इन कंपनियों के ड्रोन के आयात को अमेरिका बढ़ा सकता है। अमेरिकी कंपनियां यूक्रेन की कंपनियों के साथ मिलकर ड्रोन उत्पादन का संयुक्त उपक्रम भी लगा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *