राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप रविवार को 80 साल के हो गए हैं। वह अपनी जन्मतिथि का सेलिब्रेशन बेहद अनोखे अंदाज में कर रहे हैं।
इसके लिए रविवार रात (स्थानीय समय) को व्हाइट हाउस के साउथ लान में अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियनशिप ‘केज मैच’ का आयोजन कराया गया है।
आयोजन पर छह करोड़ डालर से अधिक की रकम और हजारों घंटे की मेहनत लगी है। ट्रंप इस मैच का आनंद ले सकें इसके लिए जी7 समिट की तारीख में बदलाव कर दिया गया।’फ्रीडम 250′ बैनर के तहत सात फाइट्स होने हैं।
यह आयोजन अमेरिका की आजादी की 250वीं सालगिरह के उपलक्ष्य में और ट्रंप की 80वीं जन्मतिथि पर आयोजित हो रहा है। इस आयोजन में कैबिनेट के नेता, प्रशासन के बड़े अधिकारी, रिपब्लिकन सांसद और 4,000 से अधिक दर्शक शामिल होंगे।
ये दर्शक “द क्ला” के नीचे बने एक अस्थायी एरिना में मौजूद होंगे। “द क्ला” स्पेसशिप जैसा दिखने वाला एक मेटल का आर्च है, जिसमें लाइट, साउंड इक्विपमेंट और बड़ी स्क्रीन लगी हैं। हज़ारों और लोग पास के एलिप्स में लगी बड़ी स्क्रीन पर यह सब देख सकेंगे।
राष्ट्रपति ने रविवार (स्थानीय समय) के इवेंट (जिसमें आधी रात के बाद तक सात फाइट होंगी) को अमेरिका की आजादी की 250वीं सालगिरह के जश्न से जोड़ने की कोशिश की है, लेकिन यह इवेंट असल में खुद की जन्मतिथि को सेलिब्रेट करने पर अधिक केंद्रित है।