चीन के पूर्वी तट से टकराया टाइफून ‘डॉल्फिन’, 10 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया…

शक्तिशाली चक्रवात (टाइफून) डॉल्फिन रविवार को चीन के पूर्वी तट पर पहुंच गया। इसकी वजह से भारी वर्षा हो रही है और तेज हवाएं चल रही हैं।

कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी जारी की गई है। 10 लाख से अधिक लोगों को उनके घरों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

यह टाइफून जापान के दक्षिणी ओकिनावा इलाके से गुजरकर चीन पहुंचा है। इसकी वजह से ओकिनावा में 50 हजार से अधिक इमारतों में बिजली काटनी पड़ी।

चीन के मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि टाइफून डॉल्फिन रविवार शाम करीब 5:30 बजे (स्थानीय समयानुसार) पूर्वी झेजियांग प्रांत के युहुआन के पास पहुंचा। जब यह टकराया तो हवा की रफ्तार 151 किलोमीटर प्रति घंटा थी। 10 अगस्त तक झेजियांग, शंघाई, उत्तरी फुजियान, उत्तर-पूर्वी जियांग्शी, मध्य व दक्षिणी अनहुई और जियांग्सू के अधिकतर हिस्सों में मूसलधार वर्षा का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य व पूर्वी झेजियांग के कुछ हिस्सों में 9.8 से 19.7 इंच वर्षा हो सकती है। राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के प्रमुख विज्ञानी वांग हाइपिंग ने बताया कि लैंडफाल के बाद डॉल्फिन के पश्चिम की ओर बढ़ने का अनुमान है, फिर मध्य व दक्षिण-पश्चिम में यह धीरे-धीरे कमजोर होता जाएगा।

इससे भारी वर्षा हो सकती है और बाढ़ व भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है, खासकर पहाड़ी इलाकों व छोटी नदियों के किनारे।

‘वैरीफ्लाइट’ के अनुसार, शंघाई में लगभग 30,300 लोगों को निकाला गया है और करीब 1,500 उड़ानें रद कर दी गई हैं। पड़ोसी झेजियांग प्रांत के वेनझोउ शहर में नौ लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित जगह पर भेजा गया है और 1000 से अधिक आपात केंद्र खोले गए हैं। फुजियान प्रांत में टाइफून इमरजेंसी रिस्पॉन्स को लेवल-3 तक बढ़ाने के बाद 98,900 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

फुजियान के समुद्री अधिकारियों ने बताया कि 55 तटीय पैसेंजर फेरी रूट पर सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं, सभी 115 अपतटीय निर्माण परियोजनाएं रोक दी गई हैं और 290 निर्माणाधीन जहाजों को सुरक्षित जल में ले जाया गया है।

जल संसाधन मंत्रालय ने कहा है कि कियानतांग, योंग, जियाओ और शुइयांग नदियों में बड़ी बाढ़ आ सकती है। शंघाई के यांगशान पोर्ट ने डॉल्फिन के आने से पहले अपने बर्थ से जहाजों को हटा दिया और 500 से अधिक छोटे व मध्यम आकार के जहाजों को शेल्टर में भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *