मध्य प्रदेश में एथनॉल के नाम पर हुई करोड़ों के चावल घोटाले में अब महाराष्ट्र के गोंदिया से दो राइस मिल संचालकों को गिरफ्तार किया गया है। एसआइटी ने जुगल खंडेलवाल और उसके भाई किशनलाल खंडेलवाल को गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि छिंदवाड़ा के एथनाल प्लांट के नाम पर निकला करीब तीन करोड़ रुपये का 40 ट्रक चावल इनकी मिल में खपाया गया। अभी तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पांच आरोपित फरार हैं। अभी कुछ और राइस मिलों की संलिप्तता सामने आ सकती है।
बता दें कि बता दें कि मध्य प्रदेश के बालाघाट व सिवनी जिलों में चावल घोटाले का मामला तीन जून को सामने आया था। जांच अधिकारियों को आशंका है कि 17 जिलों के 22 एथनॉल प्लांटों का करीब 1100 करोड़ रुपये का चावल खपाया गया है।
एफसीआइ गोदाम से निकला 12.66 करोड़ रुपये का 54,590 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल छिंदवाड़ा के एवीजे एग्रिको ग्रुप के एथनॉल प्लांट पहुंचा ही नहीं।
एथनॉल उत्पादन के लिए प्रदेश सरकार ने एफसीआई के गोदामों में रखे पुराने और खाने के लिए अनुपयोगी हो चुके चावल का इस्तेमाल करने की नीति बनाई है।