बेंगलुरु के डेकेयर में बच्चों से क्रूरता का मामला, दो केयरटेकर गिरफ्तार…

 बेंगलुरु के डेकेयर सेंटर मासूम बच्चों के साथ क्रूरता मामले में अब एक बड़ी खबर सामने आ रही है। मासूम बच्चे को बेरहमी से प्रताड़ित करने और उसके साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है।

बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, पकड़ी गई महिला इस मामले में दर्ज एफआईआर में दूसरी आरोपी है। डेकेयर सेंटर के भीतर का एक वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने फुटेज की बारीकी से जांच की, जिसके आधार पर इस महिला की पहचान की गई और उसे हिरासत में ले लिया गया। पुलिस अब आरोपी महिला को कोर्ट में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।

वीडियो सामने आने पर हुआ खुलासा

बता दें कि यह पूरी घटना तब उजागर हुई जब सोशल मीडिया और पुलिस के पास डेकेयर सेंटर के अंदर का एक वीडियो सबूत के तौर पर पहुंचा। इस वीडियो में मासूम बच्चे के साथ की जा रही क्रूरता साफ देखी जा सकती थी।

कर्नाटक के गृहमंत्री ने जताई कड़ी नाराजगी

इस घटना पर कर्नाटक के गृहमंत्री प्रियांक खरगे ने गहरा दुख और कड़ा गुस्सा जताया है। उन्होंने इस हरकत को पूरी तरह से अस्वीकार्य बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

गृहमंत्री खरगे ने कहा कि यह घटना बेहद शर्मनाक और अस्वीकार्य है। माता-पिता अपने छोटे और मासूम बच्चों को बड़े भरोसे के साथ इन डेकेयर सेंटरों में छोड़ते हैं। इन सेंटरों को पूरी सावधानी और नियमों के दायरे में रहकर चलाया जाना चाहिए, लेकिन इस मामले में नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई गईं।

‘ब्रैंड बेंगलुरु’ की छवि खराब हुई: सरकार

गृहमंत्री ने आगे कहा कि डेकेयर सेंटर चलाने के लिए सरकार की एक तय गाइडलाइन (SOP) होती है। उन्होंने इस सेंटर के मैनेजमेंट से लिखित में जवाब मांगा है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं से न सिर्फ उस डेकेयर कंपनी का नाम खराब होता है, बल्कि ‘ब्रैंड बेंगलुरु’ की छवि को भी गहरा धक्का लगता है।

सरकार ने साफ किया है कि इस मामले की पूरी रिपोर्ट आते ही दोषियों के खिलाफ ऐसी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जो दूसरों के लिए नजीर बनेगी। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *