अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने गुरुवार को ईरान को फिर से चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान ने अमेरिकी सैनिकों को मारा तो अमेरिका ईरान के खिलाफ फिर से युद्ध शुरू कर देगा, क्योंकि ऐसा करने की ठोस वजह होगी।
ट्रंप ने दावा किया ईरान की सैन्य क्षमता पूरी तरह तबाह हो चुकी है। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि ईरान के पास अब कोई असरदार नौसेना या वायुसेना नहीं है। उन्होंने कहा कि इस्लामिक रिपब्लिक का लीडरशिप स्ट्रक्चर भी खत्म हो चुका है।
ईरान पर सैन्य कार्रवाई करने की चेतावनी
ट्रंप ने कहा, ‘उनके पास 159 जहाज थे और वे सभी समुद्र की तलहटी में पड़े हैं। हमने वहाँ उनकी तस्वीरें ली हैं।’ ट्रंप ने फिर से ईरान पर सैन्य कार्रवाई की संभावना का जिक्र करते हुए कहा कि भविष्य में कोई भी टकराव ईरान के कदमों पर निर्भर करेगा।
ट्रंप ने ईरान युद्ध की मीडिया कवरेज पर भी सवाल उठा दिए। उन्होंने कहा कि ईरान नुकसान झेल रहा है, लेकिन फिर भी मीडिया में उसे अच्छा प्रदर्शन करते हुए दिखाया जा रहा है।
हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में प्रस्ताव पास
इसके पहले बुधवार को अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स ने 215 बनाम 208 के वोट से एक प्रस्ताव पास क्या, जिसका मकसद कांग्रेस की मंजूरी के बिना ट्रंप को ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू करने से रोकना था। ट्रंप की पार्टी के 4 नेता भी इस प्रस्ताव के समर्थन में थे।
ट्रंप ने इसकी निंदा करते हुए कहा एक बेमतलब के वोट में 4 बुरे रिपब्लिकन और सभी डेमोक्रेट्स ने मिलकर सदन में मेरी युद्ध शक्तियों को सीमित करने के लिए वोट किया, जब मैं ईरान के साथ युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत के आखिरी दौर में हूं।