ट्रंप के बयानों से सट्टा बाजार में हलचल तेज, हर फैसले पर लग रहे बड़े दांव…

 अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के लगातार बदलते बयानों और नीतिगत संकेतों ने आनलाइन सट्टेबाजी बाजारों में भारी उछाल ला दिया है।

विशेषज्ञों के अनुसार, उनकी अनिश्चित शैली निवेशकों और आम लोगों को भविष्यवाणी आधारित दांव लगाने के लिए प्रेरित कर रही है, जिससे इन प्लेटफा‌र्म्स की कमाई तेजी से बढ़ रही है।

इन प्लेटफा‌र्म्स में ‘पालीमार्केट’, जिसमें डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की हिस्सेदारी बताई जाती है, और ‘काल्शी’, जहां वे सलाहकार की भूमिका में हैं, प्रमुख हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप के फैसलों और इंटरनेट मीडिया पोस्ट को लेकर लोगों में उत्सुकता इतनी अधिक है कि उनके हर बयान पर दांव लगाए जा रहे हैं- चाहे वह ईरान में सैन्य कार्रवाई हो, युद्धविराम की संभावना या अन्य वैश्विक मुद्दे।आठ अप्रैल को ‘क्या ट्रंप ईरान में सेना भेजेंगे?’

जैसे सवाल पर करीब एक लाख दांव लगे, जो उस दिन का सबसे बड़ा ट्रेडिंग स्तर रहा। इसी तरह, युद्ध और कूटनीति से जुड़े अन्य सवालों पर भी बड़े पैमाने पर सट्टेबाजी देखी गई।

क्रिप्टो विश्लेषण फर्म ‘ड्यून’ के मुताबिक, पांच से आठ अप्रैल के बीच ईरान युद्ध से जुड़े दांवों में 41.3 करोड़ से अधिक दांव लगाए गए, जिनमें 10 करोड़ डालर से ज्यादा की राशि जोखिम में थी।

विशेषज्ञों ने क्या कहा?

विशेषज्ञों का कहना है कि ट्रंप की “अप्रत्याशित” शैली इन बाजारों के लिए ईंधन का काम कर रही है। वर्जीनिया टेक के अर्थशास्त्री क्वोक पिंग त्सांग ने कहा कि ट्रंप जैसे नेता ही ऐसे बाजारों को गति देते हैं, क्योंकि उनके फैसलों का अनुमान लगाना कठिन होता है।

हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर हितों के टकराव के आरोप भी लग रहे हैं।

आलोचकों का कहना है कि ट्रंप परिवार से जुड़े लोगों को ऐसे व्यवसायों से लाभ मिल रहा है, जिन पर राष्ट्रपति के बयानों का सीधा असर पड़ता है।इन आरोपों पर ट्रंप जूनियर के प्रवक्ता एंड्रयू सुराबियन ने कहा कि यह तथ्यहीन डेमोक्रेटिक दुष्प्रचार है।

उनका कहना है कि ट्रंप जूनियर का सरकारी नीतियों पर कोई प्रभाव नहीं है और वे निजी निवेश के तौर पर ही इन कंपनियों से जुड़े हैं।रिपोर्ट के अनुसार, 2024 में ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति चुने जाने के बाद इन सट्टेबाजी प्लेटफा‌र्म्स की लोकप्रियता और मूल्यांकन में तेज वृद्धि हुई है। ‘पालीमार्केट’ का मूल्य अब लगभग 9.6 अरब डालर आंका गया है, जो पिछले कुछ महीनों में कई गुना बढ़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *