अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बार फिर बेहद कड़ा बयान दिया है।
ट्रंप ने ईरान को खतरनाक और पागल लोगों का देश बताते हुए कहा कि अगर परमाणु समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका ईरान पर बड़ा सैन्य हमला कर सकता है।
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु मुद्दे पर अप्रत्यक्ष बातचीत जारी है और दोनों देशों के बीच संभावित समझौते को लेकर अटकलें तेज हैं।
ईरान दुनिया लिए खतरा- ट्रंप
NBC News को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि मुझे एक बहुत शक्तिशाली और खतरनाक देश को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना पड़ा, क्योंकि वे उसका इस्तेमाल कर सकते हैं।
वे दुनिया को उड़ा देंगे। वे पागल हैं, सनकी लोग हैं। उन्होंने दावा किया कि ईरान को परमाणु हथियार नहीं बनाने देना पूरी दुनिया और अमेरिका के हित में है।
डील हुई तो ठीक, नहीं तो तबाह कर देंगे
डोनल्ड ट्रंप ने कहा कि वह बातचीत के जरिए समाधान चाहते हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर सैन्य कार्रवाई से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि हम समझौते के बहुत करीब हैं।
अगर बातचीत से हल निकल गया तो ठीक, नहीं तो मैं उन्हें पूरी तरह तबाह कर दूंगा और यह मेरे लिए बहुत आसान होगा। हालांकि ट्रंप ने यह भी कहा कि वह ‘युद्धों के पक्ष में नहीं हैं और मौजूदा संघर्ष लंबा नहीं चलेगा।
समझौते के बेहद करीब
ट्रंप के मुताबिक अमेरिका और ईरान के बीच समझौते को लेकर केवल कुछ मुद्दे बाकी हैं। उन्होंने दावा किया कि ईरान इस बात पर सहमत हो गया है कि वह परमाणु हथियार विकसित नहीं करेगा। ट्रंप ने कहा कि वे परमाणु हथियार नहीं बनाएंगे। मैं सिर्फ इतना नहीं चाहता कि वे बनाएं, बल्कि यह भी चाहता हूं कि वे खरीदें भी नहीं।
परमाणु सामग्री नष्ट करने की बात
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अगर समझौता हो जाता है तो दोनों देश मिलकर ईरान की परमाणु सामग्री और उपकरणों को नष्ट करेंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर समझौता नहीं हुआ तो हम सैन्य कार्रवाई करेंगे और बहुत सख्ती से करेंगे।
ईरान के सर्वोच्च नेता पर भी दावा
इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा अली खामेनेई को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि खामेनेई ‘गंभीर रूप से घायल’ हैं। हालांकि ट्रंप ने इसके समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया।
47 साल पुराने विवाद का जिक्र
ट्रंप ने कहा कि ईरान के लिए यह समझौता आसान नहीं है क्योंकि उसे कई ऐसे कदम उठाने पड़ेंगे जिनकी उसने कभी कल्पना नहीं की थी। उन्होंने कहा कि 47 साल तक वे जो चाहते थे करते रहे। अब उनके पास ज्यादा विकल्प नहीं हैं।