ट्रंप का बड़ा दावा: उपद्रवियों ने रिफ्लेक्टिंग पूल को नुकसान पहुंचाया, 250 फीट लंबी दरार का जिक्र…

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा कि लिंकन मेमोरियल रिफ्लेक्टिंग पूल में तोड़-फोड़ के आरोप में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि तोड़-फोड़ करने वालों ने हाल ही में ठीक किए गए पूल को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया है।

उन्होंने दावा किया कि इसकी नई लाइनिंग में 250 फीट लंबा कट लगा दिया गया और पानी में तेजाब जैसे खतरनाक केमिकल डाल दिए गए। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा, “हमारे खूबसूरत रिफ्लेक्टिंग पूल में की गई शर्मनाक तोड़-फोड़ के सिलसिले में कई और लोगों को गिरफ्तार किया गया है।”

‘बनने के बाद से ये कभी ऐसा नहीं दिखा’

उन्होंने आगे कहा, “1922 में जब इसे पहली बार बनाया गया था तब से यह कभी ऐसा नहीं दिखा और न ही इसने कभी ठीक से काम किया। उस समय भी इसमें बहुत ज्यादा लीकेज होती थी और यह ठीक से काम नहीं करता था। हमारा पूल एकदम सही काम कर रहा था, जिसमें शीशे जैसी चमक थी और यह दो महान स्मारकों की एकदम साफ तस्वीर दिखाता था ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था!”

घटना के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा, “उन्होंने चाकू या ब्लेड जैसी किसी चीज से उस खूबसूरत ढांचे पर 250 फीट लंबा कट लगा दिया, जिसे बनाने और पूरा करने में बहुत मेहनत, काबिलियत और पैसा लगा था। उन्होंने पूल में तेजाब जैसे नुकसान पहुंचाने वाले केमिकल भी डाल दिए। रिफ्लेक्टिंग पूल जितना खूबसूरत एक हफ्ते पहले था, उतना पहले कभी नहीं रहा यहां तक कि 1922 में जब यह खुला था, तब भी नहीं।”

ट्रंप ने पिछली सरकारों की आलोचना की

ट्रंप ने पिछली सरकारों की आलोचना की। पूल को नए रूप में पेश किए जाने के कुछ ही समय बाद काई जमने की वजह से पानी का रंग फिर से हरा हो गया। इस समस्या को ठीक करने के लिए कर्मचारियों ने केमिकल का इस्तेमाल किया, लेकिन खबर है कि पूल के तल पर लगाई गई नई नीली लाइनिंग उखड़ने लगी।

द वॉशिंगटन पोस्ट के अनुसार, शुक्रवार को लिंकन मेमोरियल रिफ्लेक्टिंग पूल पर हुई एक घटना के बाद अमेरिकी पार्क पुलिस ने ओलंपिक साइकिलिस्ट डेविड हर्न को सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के अपराध के आरोप में गिरफ्तार किया।

खबर है कि हर्न हेन्स पॉइंट के चारों ओर 52 मील की साइकिल राइड पूरी करने के बाद मेमोरियल पर रुके थे। उन्होंने देखा कि पूल में हाल ही में लगाई गई अमेरिकी झंडे जैसे नीले रंग की लाइनिंग का एक हिस्सा तल से उखड़ गया था। हर्न ने अधिकारियों को बताया कि वह अलग हुए हिस्से की जांच करने के लिए पानी में उतरे थे।

द वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ ही देर बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया, जब वह उस जगह से जाने की तैयारी कर रहे थे। उन्हें 9 जुलाई को डीसी सुपीरियर कोर्ट में पेश होना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *