पश्चिम एशिया संकट के बीच ट्रंप चीन दौरा टाल सकते हैं, होर्मुज स्ट्रेट पर बीजिंग पर दबाव बनाया…

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप चीन की अपनी बहुप्रतीक्षित यात्रा को टाल सकते हैं।

उन्होंने खुद इस बात के संकेत दिए हैं। यह माना जा रहा है कि वह होर्मुज स्ट्रेट को खुलवाने में मदद के लिए बीजिंग पर दबाव बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।

क्योंकि पश्चिम एशिया में दो सप्ताह से ज्यादा समय से जारी युद्ध के कारण तेल की कीमतें बढ़ गई हैं। युद्ध के कारण ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर दिया है। वैश्विक तेल खपत का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा इसी मार्ग से गुजरता है।

होर्मुज स्ट्रेट से आवाजाही फिर से शुरू कराने की कोशिश

ट्रंप ने रविवार को फाइनेंशियल टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में कहा, पश्चिम एशिया के तेल पर चीन की निर्भरता का मतलब है कि उसे उस नए गठबंधन की मदद करनी चाहिए, जिसे वह तेल टैंकरों की होर्मुज स्ट्रेट से आवाजाही फिर से शुरू कराने की कोशिश में आगे बढ़ा रहे हैं, क्योंकि ईरान ने वैश्विक तेल प्रवाह को रोक दिया है।

क्या बीजिंग मदद करेगा?

उन्होंने कहा, ‘हम दौरे से पहले यह जानना चाहते हैं कि क्या बीजिंग मदद करेगा। हम इसको टाल सकते हैं।’ उनका 31 मार्च से दो अप्रैल तक चीन दौरा का कार्यक्रम निर्धारित है। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पेरिस में अमेरिकी वित्त मंत्री स्काट बेसेंट और चीनी उप प्रधानमंत्री हे लिफेंग के बीच बैठक होने वाली है।

यहां दोनों देशों के बीच एक और दौर की व्यापार वार्ता होगी। बता दें कि पिछले साल वाशिंगटन और बीजिंग के बीच टैरिफ को लेकर तनाव बढ़ गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *