अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप बुधवार, 9 सितंबर को कतर से मिले एयरफोर्स वन प्लेन से टेक्सास गए, लेकिन ट्रंप के जाने से पहले, विमान की इमरजेंसी स्लाइड गलती से खुल गई, जिसे बाद में हटा दिया गया।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि मिलिट्री के लोगों से गलती से इमरजेंसी स्लाइड खुल गई थी।
एयरफोर्स वन की इमरजेंसी स्लाइड खुली
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप डलास में होने वाले पहले रिपब्लिकन मिडटर्म कन्वेंशन के लिए उड़ान भरने वाले थे, लेकिन अचानक ही प्लेन की इमरजेंसी स्लाइड खुल गई। इस घटना की वजह से ट्रंप के रवाना होने में थोड़ी देर हुई।
ट्रंप से जब एक पत्रकार ने पूछा कि क्या उन्हें यकीन है कि विमान उड़ान भरने के लिए सुरक्षित है, तो ट्रंप ने कहा, ‘हां, मुझे यकीन है, वरना मैं इसमें नहीं होता।’
प्लेन में क्या होता है इमरजेंसी स्लाइड का इस्तेमाल?
बोइंग 747-8 में आमतौर पर 12 इमरजेंसी इन्फ्लेटेबल इवैक्यूएशन स्लाइड होती हैं। इन स्लाइड को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि यात्री लगभग 30 फीट की ऊंचाई से सुरक्षित रूप से जमीन पर उतर सकें।
ट्रंप को पिछले साल कतर ने एयरफोर्न वन का नया प्लेन तोहफे में दिया था। अमेरिकी राष्ट्रपति ने 1 जुलाई से इस प्लेन में उड़ान भरना शुरू किया। ट्रंप के इस्तेमाल शुरू करने से पहले 747 को रेनोवेट करने का काम तेजी से किया गया था।