आधार के नए मोबाइल ऐप को लांच होने के पांच महीनों के भीतर 3.1 करोड़ से अधिक बार डाउनलोड किया गया है।
लगभग 40 लाख यूजर्स ने नए आधार ऐप के जरिए अपने मोबाइल नंबर अपडेट किए हैं और करीब 8.5 लाख लोगों ने अपना पता अपडेट करने के लिए इसका इस्तेमाल किया है।
आधार की देखरेख करने वाली संस्था यूनिक आईडेंटिफिकेशन अथारिटी आफ इंडिया ने कहा कि इसके बढ़ते इस्तेमाल से पता चलता है कि लोगों का इस एप पर भरोसा बढ़ रहा है, क्योंकि यह उन्हें आसानी से कई तरह की सुविधाएं देता है।
इस नए ऐप से कई तरह की सुविधाएं मिलती हैं, जैसे कि सीधे स्मार्टफोन से मोबाइल नंबर और पता अपडेट करना। इसमें इन-बिल्ट क्यूआर कोड के जरिए कांटैक्ट डिटेल्स डिजिटल रूप से शेयर करने की सुविधा भी है।
यह ई-आधार डाउनलोड करने की सुविधा भी देता है और आधार सेवा केंद्रों में जाने के लिए ऑनलाइन अपाइंटमेंट बुक करना आसान बनाता है।
यह आधार की फिजिकल कापी जमा किए बिना आफलाइन वेरिफिकेशन सीकिंग एंटिटी के क्यूआर कोड को स्कैन करके होटल में चेक-इन करने की सुविधा भी देता है।