अमेरिका के लॉस एंजिल्स में एक बेहद दुखद और हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां अपनी पसंदीदा बास्केटबॉल टीम ‘न्यूयॉर्क निक्स’ की जीत का जश्न मना रही एक महिला की खुशी मातम में बदल गई।
महिला की खुशी की चीखों को किसी अनहोनी की आशंका समझकर पड़ोसी ने 911 पर कॉल कर दिया। मौके पर पहुंची लॉस एंजिल्स पुलिस विभाग (LAPD) के अधिकारियों से बातचीत के दौरान महिला का 48 किलो का पालतू कुत्ता ‘जेम्सन’ बाहर निकल आया।
पुलिस के अनुसार, कुत्ते के अधिकारी पर झपटते ही उसने आत्मरक्षा में उस पर चार गोलियां चला दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, यह घटना 13 जून की है, जब पुलिस विभाग को एक महिला का फोन आया जिसने बताया कि उसकी पड़ोसी पिछले 20 मिनट से ‘हे भगवान’ चिल्ला रही थी। ऐसा लग रहा है जैसे कोई बहुत बुरी घटना घटी हो। मैं सोच रही थी कि क्या कोई उनकी खैरियत पूछ सकता है।
इसके बाद दो अधिकारियों को उसके पते पर भेजा गया, और उसने उन्हें चीखती हुई महिला का अपार्टमेंट दिखाया। इसके बाद अधिकारियों ने उस महिला से संपर्क किया, जिसकी पहचान अब मैरी मार्सिले के रूप में हुई है। महिला अपने कुत्ते के साथ न्यूयॉर्क निक्स की 53 साल में पहली एनबीए चैंपियनशिप ट्रॉफी का जश्न मना रही थी।
कुत्ते ने अधिकारियों पर मारा झपटा
अधिकारियों से बातचीत के दौरान महिला का ‘निक्स जर्सी’ पहने 2 वर्षीय मिश्रित नस्ल का कुत्ता (जेम्सन) भौंकने लगा। मालकिन ने उसे आक्रामक न बताते हुए दरवाजा बंद कर लिया। लेकिन दोबारा दरवाजा खुलते ही लगभग 48 किलो का वह बड़ा कुत्ता बाहर भागा और एक अधिकारी पर झपट पड़ा।
अधिकारी ने खुद को बचाने के लिए उस पर चार गोलियां चला दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई और महिला अविश्वास से चीख पड़ी। बाद में महिला ने बताया कि वह संकट में नहीं बल्कि मैच की खुशी में चिल्ला रही थी।
इंटरनेट पर भारी आक्रोश के बाद हाल ही में जारी हुए इस घटना के बॉडीकैम फुटेज पर ऑनलाइन भारी विरोध के बाद, एलएपीडी प्रमुख जिम मैकडॉनल ने इस घटना को “बेहद दुखद” बताते हुए मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं।
एलएपीडी (LAPD) प्रमुख जिम मैकडॉनल ने अपने बयान में कहा, “किसी पालतू जानवर को खोना एक गहरा व्यक्तिगत दुख है। बहुत से लोगों के लिए कुत्ता सिर्फ एक जानवर नहीं, बल्कि एक सच्चा साथी, सांत्वना का स्रोत और परिवार का एक सदस्य होता है।”
उन्होंने बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, “किसी भी पुलिस अधिकारी द्वारा अपनी सर्विस गन (सेवा बंदूक) से गोली चलाया जाना बेहद गंभीर बात है और इससे ज्यादा गंभीर घटना कोई दूसरी नहीं होती।” फिलहाल उन्होंने इस मामले के जांच के आदेश दिए हैं।