Muzaffarpur News: जिले में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। यह दुर्घटना मोतीझील फ्लाइओवर पर कलमबाग चौक जाने वाली सड़क पर हुई, जहां तेज रफ्तार बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
बताया जा रहा है कि बाइक सवार दोनों युवक हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत उन्हें उठाकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान मिठनपुरा थाना क्षेत्र के कन्हौली मठ निवासी 20 वर्षीय अंशु कुमार और 18 वर्षीय विवेक कुमार के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से गोरौल थाना क्षेत्र के भटौलिया गांव के रहने वाले थे और कन्हौली मठ में रहकर पढ़ाई कर रहे थे।
परिजनों के अनुसार, दोनों युवक सुबह किसी रिश्तेदार के घर जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। दुर्घटना में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं मोबाइल फोन भी टूट गया।
घटना की सूचना मिलने पर काजीमोहम्मदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। पुलिस ने अंशु के मोबाइल से सिम निकालकर परिजनों को हादसे की सूचना दी।
थानाध्यक्ष नवलेश कुमार ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसा संभवतः रील बनाने के दौरान हुआ हो सकता है। हालांकि पुलिस इस दावे की पुष्टि नहीं कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। परिजनों से भी घटना की सही जानकारी देने को कहा गया है, ताकि हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सके।