राजस्थान के अलवर शहर में खेलते-खेलते हुए दो बहनें एक कार में बैठ गई।
इसी दौरान कार का दरवाजा अंदर से बंद हो गया। दरवाजा बंद होने से दोनों बच्चियों की दम घुटने से मौत हो गई।
मृतक बच्चियों में टीना की उम्र आठ साल एवं लक्ष्मी की उम्र पांच साल थी।
वैशाली नगर पुलिस थाना अधिकारी गुरूदत्त सैनी ने बताया कि कार काफी पुरानी है, कई सालों से खड़ी है। कार की बैट्री और इंजन खराब हो गया। गेट भी खुले पड़े रहते थे।
ऐसा माना जा रहा है कि गेट खुले होने के कारण ही बच्चियां कार के अंदर पहुंच गई और खेलते हुए गेट अंदर से बंद कर लिया, जिससे यह हादसा हो गया।
बच्चियों के पिता रमेश ने बताया कि वह सुबह 11 बजे अपनी दुकान पर गए थे और पत्नी घर में काम कर रही थी। उन्होंने बताया कि जब काफी देर तक बच्चियां नजर नहीं आई तो स्वजन ने तलाश शुरू की।
स्वजन बच्चियों को तलाशते हुए कार तक पहुंचे तो दोनों बहनें कार के अंदर अचेत अवस्था में पड़ी हुई दिखाईं दी।
आसपास के लोगों की मदद से कार का गेट खोलकर बच्चियों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।