अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में स्थित मशहूर ‘सेंट्रल पार्क’ से एक बेहद दुखद खबर आई है। यहां अपनी मां को बचाने की कोशिश में एक 18 साल के भारतीय छात्र की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब एक बग्घी का घोड़ा अचानक भड़क गया और तेजी से दौड़ने लगा, जिससे संतुलन बिगड़ गया। मृतक छात्र की पहचान 18 वर्षीय रोमांच महाजन के रूप में हुई है। रोमांच अपने परिवार के साथ पहली बार न्यूयॉर्क घूमने गया था।
फोटो खिंचवाने के चक्कर में हुआ हादसा
‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना बुधवार की है। बग्घी का ड्राइवर पर्यटकों (महाजन परिवार) की एक पारिवारिक तस्वीर खींचने के लिए अपनी सीट से उतरा। उसी पल घोड़ा किसी बात से डर गया और अचानक बेकाबू होकर भागने लगा। घोड़ा फुटपाथ और घास के मैदानों पर पागलों की तरह बग्घी को खींच रहा था। रोमांच के पिता दीपक महाजन ने बताया कि हम सब डर के मारे चिल्ला रहे थे।
मां को गिरते देख बेटे ने लगा दी छलांग
बग्घी के पलटने से ठीक पहले, रोमांच की मां प्रिया चलती बग्घी से नीचे गिर गईं। अपनी मां को गिरता देख रोमांच ने उन्हें बचाने के लिए तुरंत बग्घी से नीचे छलांग लगा दी। रोमांच के पिता ने कहा कि मेरे बेटा सिर्फ अपनी मां को बचाने के लिए नीचे कूद गया।
नीचे कूदते ही रोमांच का सिर जमीन से बहुत तेजी से टकराया और वह बेहोश हो गया। उसे तुरंत ‘न्यूयॉर्क-प्रेसबिटेरियन वील कॉर्नेल मेडिकल सेंटर’ ले जाया गया, जहां बुधवार रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे में रोमांच के माता-पिता और छोटे भाई को मामूली चोटें आई हैं।
बग्घी के ड्राइवर पर गिरी गाज, बैन करने की मांग तेज
इस हादसे के बाद न्यूयॉर्क में घोड़ा-गाड़ियों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की मांग फिर से तेज हो गई है। ट्रांसपोर्ट वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष अलेक्जेंडर केम्प ने कहा कि ड्राइवर का फोटो खींचने के लिए गाड़ी छोड़ना पूरी तरह गलत था। बग्घी के मालिक ने ड्राइवर को अनिश्चित काल के लिए सस्पेंड कर दिया है।
बढ़ रहे घोड़ों से जुड़े हादसे
प्रशासन के मुताबिक, मई 2025 से अब तक सेंट्रल पार्क के आसपास घोड़ों से जुड़े आठ हादसे हो चुके हैं। शहर के अधिकारियों का कहना है कि इस दर्दनाक घटना के बाद अब पार्क में इन घोड़ा-गाड़ियों को हमेशा के लिए बंद करने का वक्त आ गया है।