गाजियाबाद में ट्रैफिक डायवर्जन लागू, DME समेत कई मार्गों पर भारी वाहनों की एंट्री बंद…

कांवड़ यात्रा को देखते हुए बुधवार की सुबह आठ बजे से जिले में भारी मालवाहक वाहनों का डायवर्जन लागू हो जाएगा। ट्रक, ट्रोला, कैंटर और ट्रैक्टर-ट्राली समेत भारी वाहनों के लिए लागू यह व्यवस्था 12 अगस्त तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान गाजियाबाद शहर और कांवड़ मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है।

डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन के मुताबिक हरिद्वार से जल लेकर लौटने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए यातायात पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर भारी वाहनों को रोकने और वैकल्पिक मार्गों पर भेजने की व्यवस्था की है।

प्रमुख डायवर्जन बिंदुओं पर पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ संकेतक बोर्ड लगाए गए हैं। कांवड़ियों की संख्या और यातायात की स्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर डायवर्जन व्यवस्था में बदलाव भी किया जा सकता है।

यहां से डायवर्ट होंगे भारी वाहन

  • दिल्ली की ओर से आने वाले वाहनों (तुलसी निकेतन बार्डर, सीमापुरी बार्डर, आनंद विहार ब बार्डर) का गाजियाबाद शहर में प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। ऐसे वाहन जिन्हें हरिद्वार, अमरोहा, मुरादाबाद, लखनऊ आदि स्थानों पर जाना है, वे सभी वाहन रोड संख्या-56 (चौधरी चरण सिंह मार्ग), गाजीपुर मंडी एवं एनएच-नौ का प्रयोग करते हुए डासना इंटरसेक्शन से ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे और हापुड के सिंभावली में गंगा एक्सप्रेसवे होते हुए तथा अक्षरधाम से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का प्रयोग करते हुए ईस्टर्न पेरीफेरल इंटरसेक्शन का प्रयोग करते हुए अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
  • हापुड़, बुलंदशहर की ओर से आने वाले वाहन डासना पुल, लाल कुंआ, आत्माराम स्टील तिराहा से सीधे गाजियाबाद शहर की ओर न आकर एनएच-नौ का प्रयोग करते हुए अपने गंतव्य को जायेंगे।
  • लोनी बॉर्डर से लोनी कस्बे की ओर भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा।
  • संतोष मेडिकल कट सिद्धार्थ विहार से मेरठ तिराहा की ओर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
  • गौर ग्रीन कट, खोड़ा, कालापत्थर, सेक्टर 62, छिजारसी एवं कनावनी पुस्ता से एनएच-नौ की ओर इंदिरापुरम क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्ण प्रतिबंधित रहेगा।
  • गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग, पाइपलाइन मार्ग, मेरठ रोड एवं दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा।
  • हापुड़-भोजपुर से आने वाले वाहनों का मोदीनगर एवं दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की ओर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
  • सौर ऊर्जा मार्ग से साहिबाबाद अंडरपास होकर साहिबाबाद स्टेशन कट जीटी रोड की ओर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।

24 घंटे रहे पुलिस की ड्यूटी

यातायात पुलिस के मुताबिक प्रमुख चौराहों और डायवर्जन बिंदुओं पर यातायात एवं नागरिक पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। सभी प्रमुख चौराहों एवं डायवर्जन बिंदुओं पर साइनेज बोर्ड लगाये गये हैं।

पांच अगस्त से हल्के वाहनों और बसों पर भी पाबंदी

कांवड़ यात्रा के मद्देनजर दूसरे चरण का यातायात डायवर्जन पांच अगस्त की सुबह आठ बजे से लागू होगा। इसके तहत हल्के मालवाहक वाहन, कार, टेंपो और बसों की आवाजाही भी प्रभावित होगी। गंगनहर पटरी और पाइपलाइन मार्ग पर सभी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

दूधेश्वरनाथ मंदिर की ओर जाने वाले कई मार्गों पर दोपहिया समेत सभी वाहनों का प्रवेश रोका जाएगा। सीमापुरी और तुलसी निकेतन से बसें शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगी। बुलंदशहर की ओर से आने वाली बसों का संचालन लाल कुआं से होगा। यह व्यवस्था 12 अगस्त तक प्रभावी रहेगी।

डीएमई सात अगस्त को होगा बंद, अन्य एक्सप्रेस-वे खुलें रहेंगे

कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर सात अगस्त सुबह आठ बजे से सभी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद हो जाएगा। वहीं, ईस्टर्न पेरीफेरल, दिल्ली-देहरादून और गंगा एक्सप्रेसवे से वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी।

दिल्ली की ओर से हरिद्वार, अमरोहा, मुरादाबाद और लखनऊ की तरफ जाने वाले भारी वाहन एनएच-नौ से डासना होते हुए ईस्टर्न पेरीफेरल और हापुड़ के सिंभावली से गंगा एक्सप्रेस-वे का इस्तेमाल कर सकेंगे। एनएच-नौ भी प्रमुख वैकल्पिक मार्ग रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *