ट्रैफिक चालान ने चोर का भंडाफोड़ किया, हैदराबाद में सोशल मीडिया की मदद से 3 महीने बाद मिली चोरी की स्कूटी…

हैदराबाद में ट्रैफिक चालान के कारण तीन महीने पहले चोरी हुई, एक दोपहिया वाहन को बरामद करने का मामला सामने आया है। दरअसल, यह तब हुआ जब वाहन के मालिक को एक ट्रैफिक चालान मिला, जिसमें चोर की फोटो थी।

इसके बाद गाड़ी मालिक फैसल रहमान ने 7 अप्रैल को X पर पोस्ट किया कि, उसे अपने स्कूटी के लिए एक चालान मिला है; जो कि लगभग तीन महीने पहले चोरी हो गई थी।

चालान में छपी फोटो से मिला सुराग

फैसल ने चोर की एक तस्वीर भी शेयर की, जो कि चालान पर छपी थी। तस्वीर में, वह आदमी बिना हेलमेट पहने वाहन चलाते हुए दिख रहा था। रहमान ने आगे बताया कि, पुलिस स्टेशन में पहले ही एक मामला दर्ज किया जा चुका है।

इसके बाद उसने हैदराबाद ट्रैफिक पुलिस और हैदराबाद सिटी पुलिस को टैग कर दिया और देखते ही देखते पोस्ट वायरल हो गई।

जानकारी के अनुसार चोरी हुई स्कूटी की रिपोर्ट सबसे पहले 24 जनवरी को दर्ज की गई थी। वहीं, गाड़ी का चालान 1 मार्च को जारी किया गया था, लेकिन फैसल को इस हफ्ते ही इसके बारे में पता चला। 

पुलिस ने बताया कि इस मामले की जांच पहले से ही चल रही थी, और उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि सोशल मीडिया पोस्ट से संदिग्ध को सतर्कता मिल सकती है, जिससे उसे ढूंढ़ना और भी मुश्किल हो सकता है।

ऑनलाइन पोस्ट करने से तुरंत हुई कार्रवाई

हबीब नगर के स्टेशन हाउस ऑफिसर टी. पुरुषोत्तम राव ने बताया कि फैसल ने उन्हें चालान के बारे में सीधे तौर पर जानकारी नहीं दी, बल्कि इसे ऑनलाइन पोस्ट कर दिया।

पोस्ट सामने आने के बाद, CCTV फुटेज की जांच करने और वाहन का पता लगाने के लिए विशेष टीमें भेजी गई। गुरुवार को यह खोज तब पूरी हुई, जब पुलिस ने स्कूटी को ढूंढ़ निकाला और उसे चला रहे व्यक्ति को हिरासत में ले लिया।

स्कूटी को बरामद करने के बाद हबीब नगर पुलिस स्टेशन लाया गया, और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वाहन चला रहा व्यक्ति ही मुख्य चोर था, या फिर कोई ऐसा व्यक्ति जिसने अनजाने में चोरी की हुई गाड़ी खरीद ली थी।

वाहन बरामद होने के बाद, रहमान ने एक और पोस्ट के जरिए पुलिस का धन्यवाद किया। उसने कहा, “हमारी फ्रेंडली पुलिस सचमुच बहुत ही बेहतरीन है। उन्होंने चोरी हुआ वाहन बरामद कर लिया है।” और इसके लिए उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *