रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के सुमननगर टिहरी पुनर्वास योजना में बुधवार सुबह जिला प्रशासन ने सरकारी भूमि पर बनी मजार जेसीबी से ध्वस्त करा दी।
करीब साढ़े तीन घंटे चली इस कार्रवाई के दौरान चार जेसीबी की मदद से सिंचाई विभाग की 10 बीघा भूमि कब्जा मुक्त कराई गई। इस मौके पर किसी विरोध की आशंका के चलते बड़ी संख्या में पुलिसबल तैनात रहा।
सुमननगर टिहरी पुनर्वास योजना में वर्तमान में करीब 2500 परिवार रहते हैं। करीब एक दशक पूर्व यहां सिंचाई विभाग की भूमि पर मजार का निर्माण करा दिया गया था। इसकी आड़ में करीब 10 बीघा भूमि पर अनधिकृत कब्जा कर लिया गया था।
पुनर्वास योजना में वर्तमान में करीब 2500 परिवार
शासन के आदेश पर सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराने के अभियान के तहत जिला प्रशासन काफी समय से भूमि को कब्जा मुक्त कराने की कवायद में जुटा था। करीब एक माह पूर्व संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर भूमि और निर्माण से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन तय समयसीमा में कोई भी संतोषजनक प्रमाण उपलब्ध नहीं कराया गया।
इस पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने निर्माण ध्वस्त कराकर सिंचाई विभाग की भूमि से कब्जा हटाने के आदेश दिए थे। बुधवार सुबह करीब पांच बजे एसडीएम के नेतृत्व में पुलिस-प्रशासन और सिंचाई विभाग की टीम मौके पर पहुंची। चार जेसीबी की मदद से भूमि पर किया गया अनधिकृत निर्माण ध्वस्त करा दिया गया। इतनी सुबह हुई कार्रवाई की भनक भी आसपास के ज्यादातर लोगों को नहीं लग पाई।
बिना किसी विरोध के भूमि कब्जा मुक्त करा दी गई। हालांकि विरोध की आशंका के चलते बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कुछ लोग मौके पर एकत्र हुए तो उन्हें हटा दिया गया।