महासमुंद : जिले में शुरू हुई उर्वरक वितरण की टोकन व्यवस्था…

किसानों को समय पर, गुणवत्तापूर्ण एवं उचित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने महासमुंद जिले सहित पूरे प्रदेश में उर्वरक वितरण की नई व्यवस्था फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल (एफएफएस) का शुभारंभ किया गया है।

इस व्यवस्था के तहत अब किसान मोबाइल एप के माध्यम से सेवा केंद्रों, सहकारी समितियों अथवा निजी उर्वरक विक्रेताओं से उर्वरक प्राप्त करने के लिए टोकन जारी करवा सकेंगे। इससे उर्वरक वितरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल एवं सुविधाजनक होगी।

नई व्यवस्था के अंतर्गत किसानों को सबसे पहले अपने मोबाइल में ‘एफएफएस मोबाइल एप’ डाउनलोड करना होगा।

इसके बाद आधार नंबर दर्ज कर मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करना होगा। जिन किसानों की फार्मर आईडी बनी हुई है, उनके भूमि संबंधी विवरण स्वतः एप पर प्रदर्शित हो जाएंगे। किसान अपनी फसल का चयन कर बोए गए रकबे के आधार पर निर्धारित मात्रा में उर्वरक की बोरियों के लिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे।

जिन किसानों की अभी तक फार्मर आईडी नहीं बनी है, उन्हें शीघ्र फार्मर आईडी बनवाने की सलाह दी गई है। हालांकि, ऐसे किसानों के लिए भी उर्वरक उपलब्ध कराने की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है, ताकि कोई भी पात्र किसान उर्वरक प्राप्त करने से वंचित न रहे। इसके अलावा बटाईदार किसानों तथा ऐसे किसानों, जो स्वयं उर्वरक विक्रय केंद्र पहुंचकर टोकन प्राप्त करने में असमर्थ हैं, उनके लिए प्रतिनिधि के माध्यम से टोकन प्राप्त करने का प्रावधान भी किया गया है।

नई व्यवस्था के शुभारंभ अवसर पर जिले के 15 किसानों ने टोकन जारी कराकर इस प्रक्रिया की शुरुआत की। प्राथमिक सेवा सहकारी समिति सोनासिल्ली एवं निजी उर्वरक विक्रय फर्म के माध्यम से किसानों को नई व्यवस्था की जानकारी दी गई तथा उन्हें टोकन जारी करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

इस दौरान उप संचालक कृषि श्री फागूराम कश्यप ने किसानों से चर्चा कर उनकी शंकाओं का समाधान किया। उन्होंने बताया कि शासन की इस व्यवस्था से किसानों को समय पर उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाना है। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई यह व्यवस्था शासन की संवेदनशीलता एवं सुशासन का प्रतीक है। इससे उर्वरक वितरण प्रक्रिया सुव्यवस्थित होगी और किसानों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *