आज का युवा नौकरी माँगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बने” – विधायक ललित चंद्राकर…

शासकीय नवीन महाविद्यालय, रिसाली में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत दीक्षारंभ समारोह आयोजित

दुर्ग। शासकीय नवीन महाविद्यालय, रिसाली में शुक्रवार को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP)-2020 के अंतर्गत दीक्षारंभ समारोह एवं इंडक्शन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री ललित चंद्राकर रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ राष्ट्रीय गीत और राज्य गीत के गायन से हुआ। इस अवसर पर विधायक श्री चंद्राकर ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का तिलक एवं पुष्प देकर आत्मीय स्वागत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह में विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, वहीं महाविद्यालय के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित भी किया गया।

अपने संबोधन में विधायक श्री ललित चंद्राकर ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश की शिक्षा व्यवस्था में एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी परिवर्तन का आधार बनी है। यह नीति विद्यार्थियों को केवल रटंत शिक्षा तक सीमित न रखकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार, अनुसंधान और आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करती है।

उन्होंने कहा कि भारत की शिक्षा परंपरा विश्व की सबसे प्राचीन एवं समृद्ध परंपराओं में से एक रही है। प्राचीन गुरुकुल व्यवस्था में शिक्षा केवल ज्ञान अर्जन का माध्यम नहीं थी, बल्कि चरित्र निर्माण, संस्कार और राष्ट्रभक्ति का आधार भी थी। नालंदा और तक्षशिला जैसे विश्वविद्यालय उस समय विश्वभर के विद्यार्थियों के लिए ज्ञान के प्रमुख केंद्र थे। आज राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के माध्यम से भारत अपनी उसी गौरवशाली शैक्षिक विरासत को पुनः स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

विधायक श्री चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के विस्तार और बेटियों के सशक्तिकरण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने बताया कि नियमित रूप से महाविद्यालय में अध्ययनरत एवं पात्र छात्राओं को राज्य सरकार द्वारा 30 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जा रही है, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी बेटी की उच्च शिक्षा में बाधा न बने। यह सहायता उनकी पढ़ाई, पुस्तकें तथा अन्य शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए विधायक ने कहा, “आज का युवा नौकरी माँगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बने। युवा स्टार्टअप शुरू करें, नवाचार को अपनाएं और अपने कौशल एवं उद्यमिता के माध्यम से स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करें। आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।”

कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत विधायक श्री ललित चंद्राकर ने महाविद्यालय परिसर में आम का पौधा रोपित किया तथा पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष श्री अनुपम साहू, मंडल महामंत्री श्री नरेंद्र निर्मलकर, श्री पुनाराम कलिहारी, जिला मंत्री श्री शैलेन्द्र सेंडे, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष एवं पार्षद श्री विधि यादव, पार्षद श्रीमती सरिता देवांगन, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनुपमा आस्थामा, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष श्रीमती सीखा तिवारी, जनभागीदारी समिति के सदस्य श्री सुरेंद्र रजक एवं श्रीमती संध्या वर्मा, बूथ अध्यक्ष श्रीमती भारती साहू, श्रीमती सितारा देवी, श्रीमती सुनीता विश्वकर्मा, श्री प्रमोद साहू, श्री नीरज प्रजापति, श्री रंजन सिन्हा, श्री दुर्गेश साहू, श्रीमती उमा कोसरे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *