तीन दिवसीय बैंक हड़ताल स्थगित, निकायों और यूनियनों के बीच सहमति के बाद लिया गया फैसला…

बैंकों की तीन दिनों की प्रस्तावित हड़ताल टल गई है। भारतीय बैंक संघ (आइबीए) और यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के बीच बैठक के बाद सोमवार से प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल स्थगित करने पर सहमति बनी।

बैंकों में सोमवार को अब सामान्य तरीके से कामकाज होगा। हड़ताल का आह्वान यूएफबीयू ने किया था। हफ्ते में पांच दिन काम करने या पांच दिवसीय सप्ताह समेत अपनी मांगों पर आइबीए के आश्वासन के बाद रविवार देर रात बैंक यूनियनों ने हड़ताल टालने की घोषणा की।

बैंक यूनियन ने जारी किया बयान

बैंक यूनियन की ओर से जारी किए गए बयान के अनुसार, रविवार रात 9:30 बजे IBA और UFBU की बैठक हुई। बैठक में हुई बातचीत के बाद दोनों पक्ष इन बातों पर सहमत हुए:

सभी शनिवार को बैंक की छुट्टी करने के मुद्दे पर विचार करने के लिए IBA और UFBU की एक संयुक्त समिति तुरंत बनाई जाएगी। यह समिति हर विकल्प पर विचार करेगी, प्रभावित सभी लोगों से बात करेगी और ऐसा समाधान खोजने की कोशिश करेगी जो सभी पक्षों, खासकर ग्राहकों के लिए सही हो।

स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए PLI स्कीम में बदलाव को लेकर IBA के साथ बातचीत शुरू की जाएगी, ताकि उनकी चिंताओं को सरकार के सामने रखा जा सके।

8 मार्च, 2024 की बैठक के मिनट्स में बताए गए अन्य लंबित मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी ताकि उन्हें जल्द सुलझाया जा सके। इन समझौतों के कारण, UFBU ने कहा है कि वह फिलहाल अपने प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और हड़ताल को वापस ले लेगा।

बता दें कि सोमवार से बुधवार तक बैंक यूनियनों ने राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल की घोषणा की थी। हड़ताल के चलते सभी सरकारी बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक बंद रहते। इस दौरान चेक क्लियरेंस, कैश निकालने और जमा करने समेत बैंकिंग सेवाएं बाधित रह सकती थीं। डिजिटल बैंकिंग और अन्य ऑनलाइन सेवाएं भी बंद रहने की संभावनाएं थीं।

बैंक की हड़ताल के चलते इस हफ्ते लाखों बैंक ग्राहकों को लगातार तीन दिनों तक बैंकिंग सेवाओं में भारी रुकावट का सामना करना पड़ता।

हालांकि, अब हड़ताल टलने से देश भर की बैंक शाखाएं सामान्य रूप से खुलेंगी और चेक क्लीयरेंस और कैश ट्रांजेक्शन जैसी तमाम सेवाएं सुचारू रूप से जारी रहेंगी, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिली है।

गौरतलब है कि फिलहाल सभी सरकारी बैंकों में दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *