कांवड़ यात्रा में अव्यवस्था पड़ी भारी, इगलास थाना प्रभारी निलंबित; पांच पुलिस अधिकारियों का ट्रांसफर…

सावन के पहले सोमवार की कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर इगलास कोतवाली प्रभारी रजित वर्मा को निलंबित कर दिया गया। रविवार को एसएसपी नीरज जादौन एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कस्बे स्थित गेस्ट हाउस जा रहे थे। उन्होंने कांवड़ियों के साथ चल रहे डीजे वाहन पर कांवड़ियों को बैठे हुए और तेज आवाज में संगीत बजते देखा।

एसएसपी ने वाहन रुकवाकर कांवड़ यात्रा की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में यातायात प्रबंधन व सुरक्षा व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली।

ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर एसएसपी ने नाराजगी जताते हुए इगलास कोतवाली प्रभारी रजित वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। रजित वर्मा ने 16 जुलाई को ही इगलास कोतवाली प्रभारी का कार्यभार संभाला था।

पांच पुलिस अधिकारी किए इधर से उधर अलीगढ़

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पांच निरीक्षक एवं उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार साइबर सेल प्रभारी पंकज कुमार मिश्रा को अकराबाद का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। वहीं अकराबाद के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार को प्रभारी निरीक्षक दादों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

गंगीरी की थानाध्यक्ष ज्योति श्रीवास्तव को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट

दादों के प्रभारी निरीक्षक रणजीत चौधरी का गैर जनपद स्थानांतरण होने के कारण उन्हें कार्यमुक्त कर पुलिस लाइन भेज दिया गया है। इसके अलावा गंगीरी की थानाध्यक्ष ज्योति श्रीवास्तव को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) का थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं थाना छर्रा के कस्बा चौकी प्रभारी विनोद कुमार को गंगीरी थाने का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *