आमतौर पर जब लोग किसी टूरिस्ट स्पॉट पर घूमने जाते हैं, तो वहां से खूबसूरत तस्वीरें और यादें लेकर लौटते हैं।
लेकिन अमेरिका में एक ऐसा अनोखा सरकारी पार्क है, जो लोगों को करोड़पति बनने का मौका देता है।
इस पार्क में आप खुद अपने हाथों से जमीन खोदकर असली हीरा तलाश सकते हैं और सबसे मजेदार बात यह है कि जो भी हीरा आपको मिलेगा, उसे आप बिल्कुल मुफ्त में अपने साथ घर ले जा सकते हैं।
हाल ही में यहां फ्लोरिडा के रहने वाले एक शादीशुदा जोड़े (स्कॉट और जेनिफर) की किस्मत चमक गई। उन्हें मिट्टी में से 3.36 कैरेट का एक चमचमाता सफेद हीरा मिला, जिसका नाम उन्होंने ‘डैश डायमंड’ रखा है। इससे कुछ ही हफ्ते पहले पेंसिलवेनिया की रहने वाली एक महिला को भी यहां 3.09 कैरेट का हीरा मिला था।
इकलौता ‘हीरे वाला’ पब्लिक पार्क
बता दें कि इस अनोखी जगह का नाम है ‘क्रेटर ऑफ डायमंड्स स्टेट पार्क’, जो अमेरिका के अर्कांसस राज्य के मर्फ्रीसबोरो में स्थित है। यह दुनिया का एकमात्र ऐसा सार्वजनिक स्थान है जो एक प्राचीन ज्वालामुखी के मुहाने पर स्थित है। यहां सरकार की ‘Finders Keepers’ पॉलिसी चलती है, यानी जिसकी खोज, उसका हीरा।
37 एकड़ का खुला मैदान
यहां पर्यटकों के लिए 37 एकड़ का एक बड़ा सा जोता हुआ खेत है, जहां लोग दिनभर फावड़ा और बाल्टी लेकर खुदाई करते हैं। अगर आप पहली बार जा रहे हैं, तो पार्क प्रशासन ही आपको खुदाई और मिट्टी छानने के औजार किराए पर दे देता है। यहां औसतन हर दिन पर्यटकों को 2 हीरे जरूर मिलते हैं। हीरे के अलावा यहां नीलम, जैस्पर और गारनेट जैसे कीमती रत्न भी मिलते हैं।
इस जादुई जगह का इतिहास क्या?
इस जगह की कहानी की शुरुआत आज से 120 साल पुरानी है। समय था साल 1906 का, जब जॉन हडलस्टन नाम के एक स्थानीय किसान को अपने खेत में दो अजीब से चमकते हुए पत्थर मिले। जब जांच हुई तो पता चला कि वे असली हीरे थे। इसके बाद पूरे इलाके में ‘हीरा खोजने का बुखार’ चढ़ गया।
देखते हीं देखते कई बड़ी माइनिंग (खनन) कंपनियों ने यहां बड़े पैमाने पर हीरा निकालने की कोशिश की, लेकिन ज्वालामुखी की सख्त मिट्टी के कारण वे मुनाफा नहीं कमा पाईं।
सरकार ने 1972 में इस जमीन को खरीदा
फिर समय आया साल 1972 का, जब अर्कांसस सरकार ने इस जमीन को खरीद लिया और इसे एक ‘स्टेट पार्क’ बना दिया ताकि आम जनता यहां आकर अपनी किस्मत आजमा सके। हैरान करने वाली बात यह है कि 1972 में पार्क बनने के बाद से अब तक आम पर्यटक यहां से 37,377 से ज्यादा हीरे ढूंढकर अपने घर ले जा चुके हैं।
सालाना रिकॉर्ड चौंकाने वाला
इसके इतर इस पार्क में हीरा मिलने का सालाना रिकॉर्ड ज्यादा हैरान करने वाला है। रिपोर्ट की माने तो हर साल यहां आने वाले लोग 600 से ज्यादा हीरे खोज निकालते हैं। इस साल 2026 में अब तक 332 हीरे रजिस्टर्ड किए जा चुके हैं।
इसके अलावा आपको यह भी बता दें कि अमेरिका के इतिहास का सबसे बड़ा हीरा (रफ स्टोन) भी इसी जगह से मिला था। 1924 में मिले इस हीरे का नाम ‘अंकल सैम डायमंड’ था, जो 40.23 कैरेट का था। आज यह अमेरिका के प्रसिद्ध स्मिथसोनियन म्यूजियम की शोभा बढ़ा रहा है।
हीरा ढूंढने के लिए लोग अपनाते हैं ये तरीके
खास बात यह है कि लोग यहां हीरा ढूंढने के तीन तरीके अपनाते हैं। जैसे कि जमीन की ऊपरी सतह पर खोजना, सूखी मिट्टी को छानना या पानी में मिट्टी को धोकर भारी पत्थरों को अलग करना। इसके इतर पार्क में एक ‘डायमंड डिस्कवरी सेंटर’ भी है, जहां के वैज्ञानिक आपके द्वारा ढूंढे गए पत्थर की मुफ्त में जांच करके बताते हैं कि वह साधारण पत्थर है या असली हीरा।
पर्यटकों के लिए बारिश कैसे बन जाती है वरदान?
अच्छा इस पार्क की खास बात यह भी है कि बारिश आने के बाद यहां लोगों को हीरा मिलने की उम्मीद कुछ ज्यादा ही बढ़ जाती हैं। यहां के गाइड बताते हैं कि भारी बारिश के ठीक बाद हीरा मिलने की संभावना सबसे ज्यादा होती है।
इसका कारण है कि तेज बारिश से जमीन की ऊपरी मिट्टी बह जाती है और भारी होने के कारण हीरे सतह पर चमकने लगते हैं। यदि आपके पास भी कोई माइनिंग का अनुभव नहीं है, तो भी आप यहां जा सकते हैं, क्योंकि इतिहास गवाह है कि यहां सबसे बड़े हीरे उन लोगों को मिले हैं जो यहां सिर्फ एक आम पर्यटक बनकर आए थे।