पहलगाम हमले की बरसी पर दुनिया के देशों ने भारत के साथ एकजुटता दिखाई। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बुधवार को पहलगाम आतंकी हमले के पीडि़तों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सर्जियो गोर ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अमेरिका भारत के लोगों के साथ खड़ा है।
इजरायली विदेश मंत्री गिदोन सार ने कहा, ‘इजरायल आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ अपनी लड़ाई में दृढ़ और अडिग है। भारत के साथ मिलकर हम इस खतरे का दृढ़ता से सामना करने और शांति, सुरक्षा और स्थिरता को आगे बढ़ाने के लिए अपने सहयोग को मजबूत करना जारी रखेंगे।’
आतंकवाद के खिलाफ पूरी दुनिया भारत के साथ
भारत में जापान के राजदूत ओनो केइची ने कहा कि टोक्यो आतंकवाद के सभी रूपों की निंदा करता है और आतंकवाद से लड़ने के भारत के संकल्प और शांति एवं सुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता के साथ एकजुटता व्यक्त करता है।
यूरोपीय संघ और उसके 27 सदस्य देशों ने भारत के प्रति अपने अटूट समर्थन की पुष्टि करते हुए हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
नई दिल्ली स्थित ब्रिटिश उच्चायोग ने कहा कि ब्रिटेन आतंकवाद के सभी रूपों की निंदा करता है। हम शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपने सहयोगियों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। भारत में अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो कौसिनो ने कहा उनका देश आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई का समर्थन करता है।