जलवायु परिवर्तन का मंडरा रहा खतरा, 1.5 डिग्री तापमान वृद्धि की दहलीज पर दुनिया…

जलवायु परिवर्तन का खतरा अब भविष्य की चिंता नहीं, बल्कि आज की हकीकत बन चुका है। वैश्विक तापमान में बढ़ोतरी अब उस स्तर के बेहद करीब पहुंच गई है, जिसे विज्ञानी जलवायु संकट का अहम पड़ाव मानते हैं।

नए अध्ययन के मुताबिक लगभग पूरी धरती औद्योगिक युग से पहले के स्तर की तुलना में लगभग 1.5 डिग्री सेल्सियस तक (90 से 94 प्रतिशत) तक वर्ष 2025 के अंत में ही गर्म हो गई थी।

धरती 2025 के अंत तक 1.5 डिग्री सेल्सियस गर्म हुई

इसका मतलब है कि दुनिया के कई हिस्से पहले ही उस तापमान के बेहद करीब पहुंच चुके हैं, जिसे पार करने से बचने के लिए वैश्विक प्रयास किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि करीब 200 देशों ने 2015 में पेरिस समझौता अपनाया था।

इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि जलवायु परिवर्तन के सबसे गंभीर प्रभावों से बचने के लिए वैश्विक तापमान वृद्धि को औद्योगिक युग से पहले के स्तर की तुलना में 1.5 डिग्री सेल्सियस से अधिक नहीं बढ़ने दिया जाए।

नेचर क्लाइमेट चेंज पत्रिका में प्रकाशित इस अध्ययन में औद्योगिक युग से पहले के समय की तुलना में दुनिया के अलग-अलग क्षेत्रों में तापमान वृद्धि का आकलन किया गया है।

कनाडा के यूनिवर्सिटी आफ विक्टोरिया के पैसिफिक क्लाइमेट इम्पैक्ट्स कंसोर्टियम के शोधकर्ता टोंग ली ने कहा कि क्षेत्रीय स्तर पर भी मौजूदा तापमान वृद्धि 1.5 डिग्री वाली स्थिति के करीब पहुंच चुकी है। ऐसे में सभी क्षेत्रों को जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने की तैयारी करनी होगी।

पेरिस समझौते का 1.5 डिग्री लक्ष्य खतरे में पड़ गया

अध्ययन के अनुसार, इंसानी गतिविधियों के कारण दुनिया के जमीन वाले हिस्सों का औसत तापमान औद्योगिक युग से पहले की तुलना में करीब 1.9 डिग्री सेल्सियस बढ़ चुका है। जमीन का तापमान समुद्र के मुकाबले तेजी से बढ़ता है। इसका असर खासतौर पर उत्तरी ध्रुव के आसपास के इलाकों में ज्यादा दिखाई दे रहा है।

यह अध्ययन ऐसे समय आया है जब दुनियाभर के नेता, नीति-निर्माता और शोधकर्ता सोमवार से तुर्किये के अंताल्या में शुरू हो रहे संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन यानी सीओपी31 के लिए जुट रहे हैं।

जलवायु परिवर्तन के प्रभाव अब वर्तमान की हकीकत

पैसिफिक क्लाइमेट इम्पैक्ट्स कंसोर्टियम के सांख्यिकीविद् विज्ञानी फ्रांसिस ज्वियर्स ने कहा, 1.5 डिग्री सेल्सियस तापवृद्धि से जुड़े जलवायु जोखिम अब भविष्य की चिंता नहीं रह गए हैं; दुनियाभर में लोग पहले से ही इनका अनुभव कर रहे हैं।

हम ऐसी जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं, जिसका इस्तेमाल अलग-अलग क्षेत्रों के नीति निर्माता और निर्णय लेने वाले यह आकलन करने के लिए कर सकेंगे कि उनके क्षेत्र किस हद तक प्रभावित हो रहे हैं।

उत्तर-पश्चिमी उत्तरी अमेरिका में तापमान वृद्धि तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गई है, जबकि मेक्सिको सहित मध्य अमेरिका के उत्तरी हिस्से में यह करीब 1.7 डिग्री रही। कनाडा में पिछले दशक के दौरान तापमान औद्योगिक युग से पहले के स्तर के मुकाबले 2.2 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।

शोधकर्ताओं के मुताबिक, दुनिया के अलग-अलग क्षेत्रों में तापमान बढ़ने की रफ्तार भले ही अलग हो, लेकिन सभी क्षेत्र लगभग 2029 तक 1.5 डिग्री ग्लोबल वार्मिंग के बराबर क्षेत्रीय तापमान वृद्धि के स्तर पर पहुंच सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *