दुनिया ने अमेरिका, इजरायल और ईरान से सैन्य कार्रवाई रोकने की अपील की, इसके बाद ही परमाणु कार्यक्रम पर दोबारा बातचीत की राह होगी साफ…

 ईरान में सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद अरब क्षेत्र में हिंसा फैलने पर विश्व भर के नेताओं ने अमेरिका, इजरायल और ईरान से हमले बंद करने के लिए कहा है। कहा है कि यह विश्व शांति और स्थिरता के लिए जरूरी है।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने अमेरिका, इजरायल और ईरान से हमले रोककर ईरानी परमाणु कार्यक्रम पर वार्ता करने के लिए कहा है। उन्होंने पड़ोसी देशों पर ईरान के हमलों की निंदा की है।

किन देशों को निशाना बना रहा ईरान

ईरान की राजधानी तेहरान रविवार को शक्तिशाली विस्फोटों की आवाज से गूंजता रहा। इजरायली सेना ने कहा है कि वह शहर के हृदय स्थल और प्रमुख ठिकानों को निशाना बना रही है। जवाब में ईरानी सेना इजरायल, बहरीन, कतर, कुवैत और यूएई को निशाना बना रहा है।

अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे ओमान ने कहा है कि हार्मूज स्ट्रेट में उसके आयल टैंकर पर भी हमला हुआ है। साथ ही अमेरिकी नौसेना द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे ओमान के दकम बंदरगाह पर भी ईरान का हमला हुआ है।

आस्ट्रेलिया और कनाडा ने अमेरिकी कार्रवाई का समर्थन किया है जबकि रूस और चीन ने ईरान पर हमले की ¨नदा की है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने अमेरिका और इजरायल से ईरान पर अविलंब हमले रोकने की अपील की है।

यूरोपीय यूनियन के देशों ने भी किया आह्वान

यूरोपीय यूनियन के 27 देशों के प्रतिनिधियों की बैठक के बाद संगठन की विदेश मामलों की प्रमुख काजा कलास ने खाड़ी क्षेत्र में लड़ाई फैलने से रोकने के लिए सभी संबद्ध देशों से तत्काल हमले रोकने के लिए कहा है। 22 देशों के संगठन अरब लीग ने ईरान से पड़ोसी देशों की संप्रभुता का सम्मान करने और उन पर हमले रोकने के लिए कहा है।

संगठन ने इजरायल के ईरान पर हमले और ईरान के अरब देशों पर हमलों की निंदा की है। यूएई के राष्ट्रपति के सलाहकार अनवर गार्गाश ने ईरान से होश में आने के लिए कहा है। कहा, वह अपने पड़ोसियों पर बेवजह हमले बंद करे। विदित हो कि यूएई हाल के वर्षों में ईरान को लेकर क्षेत्र में बढ़ रहे तनाव पर चिंता जताता रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *