व्हाइट हाउस करेस्पोंडेंट डिनर के दौरान हुई गोलीबारी को लेकर चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं।
एक वालंटियर ने बताया कि रात 8.36 बजे (स्थानीय समय अनुसार) हमलावर ने कार्यक्रम स्थल के भीतर ही एक अस्थायी कमरे में राइफल जैसा लंबा हथियार जोड़ा और फिर बालरूम की ओर तेजी से बढ़ा।
इसके बाद अगले आधे घंटे तक वहां अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
वालंटियर के मुताबिक, शुरू में किसी को अंदाजा नहीं था कि क्या हो रहा है, लेकिन कुछ ही क्षणों में हालात बदल गए।
उसने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति के पास एक बैग में हथियार अलग-अलग हिस्सों में रखा हुआ था, जिसे वह हाल के अंदर लेकर आया और फिर मौके पर उसे जोड़कर तैयार किया। इसके बाद वह सीधे उस बालरूम की ओर भागा, जहां बड़ी संख्या में मेहमान और वीआईपी मौजूद थे।
पहले फायर के बाद फैल गई सनसनी
उसके पहले फायर पर ही वहां सनसनी फैल गई। सीक्रेट सर्विस एजेंट हरकत में आ गए और उसकी तरफ दौड़े। वह तेजी से आगे बढ़ रहा था।
इसी बीच उसकी एक गोली सीक्रेट सर्विस एजेंट को लगी। वह गिर पड़ा। इस दौरान उसने एक के बाद एक कई राउंड फायर किए। इससे लोगों में हड़कंप मच गया। लोग इधर-उधर भागने और टेबल के नीचे छिपने लगे।
रशिया टुडे के अनुसार, भगदड़ के दौरान सुरक्षा अधिकारी लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटे रहे। इसी दौरान एक सिक्योरिटी ऑफिसर को अपनी गर्भवती पत्नी को भी सुरक्षित स्थान पर ले जाते देखा गया। वहीं, कुछ लोगों को मौके का फायदा उठाकर महंगी शराब की बोतलें उठाकर ले जाते देखा गया।
नहीं थी कोई सिक्योरिटी
हेलन मेबस नाम की एक वालंटियर ने न्यूयार्क पोस्ट को बताया कि हमलावर ने प्रवेश द्वार के पास स्थित बार कार्ट के पास से अंदर प्रवेश किया। उस दौरान वहां कोई सिक्योरिटी नहीं थी। हमलावर बंदूक असेंबल करके सीढि़यों की तरफ दौड़ा, जहां से वह बालरूम में घुसना चाहता था। बालरूम में ही मुख्य आयोजन हो रहा था।
इस दौरान उसने अलग-अलग दिशाओं में फायरिंग की। उसने कम से कम 10 राउंड फायरिंग की होगी। घटना के दौरान अचानक गोलियों की आवाज गूंजी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। लोग चीखने-चिल्लाने लगे और इधर-उधर भागकर जान बचाने के लिए छिपने लगे। उसने बताया कि वह भी जान बचाने के लिए भागी और हमलावर को नहीं देख पाई।
‘समझ नहीं आ रहा था कि हो क्या रहा है’
सीएनएन के वरिष्ठ एंकर वुल्फ ब्लिट्जर ने बताया कि जब गोलीबारी हुई, तब वह हमलावर से कुछ ही फीट की दूरी पर थे। उनके मुताबिक, “सब कुछ बेहद तेजी से हुआ। अचानक गोलियों की आवाज आई और लोगों को समझ ही नहीं आया कि क्या हो रहा है। संदिग्ध व्यक्ति किसको निशाना बनाना चाहता था, यह समझना मुश्किल था। वह बस गोली चला रहा था।”
सोशल मीडिया के वीडियो में क्या?
घटना से जुड़े वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हुए, जिनमें देखा गया कि रात्रिभोज शुरू होते ही सशस्त्र सुरक्षाकर्मी अंदर घुस आए। मेहमान व्यंजनों का आनंद ले रहे थे कि तभी गोलियां चलने की आवाजें आने लगीं। सुरक्षाकर्मियों का एक दल बालरूम में पहुंचा और सभी लोगों को टेबल के नीचे झुक जाने को कहने लगा।
लोग झुके और टेबल पर रखे पानी, शराब और सजावट की चीजें नीचे गिरने लगीं। शीशे की ग्लास टूटने की आवाजें आती रहीं। इसके बाद कुछ सुरक्षाकर्मी बाल रूम की तरफ भागे, जहां ट्रंप और अन्य विशिष्ट अतिथि मौजूद थे। वहां भी सभी को झुकने के लिए कहकर सुरक्षाकर्मी मंच पर मौजूद ट्रंप और अन्य गणमान्य को सुरक्षित बाहर ले जाने का प्रयास करने लगे।