बंगाल में ऐतिहासिक राजनीतिक बदलाव के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी अपने मंत्रिमंडल का पहला बड़ा विस्तार आगामी-एक जून को करने जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के ठीक बाद से ही इस बात की चर्चाएं तेज थीं कि कैबिनेट में नए चेहरों को कब जगह मिलेगी। अब इस पर से सस्पेंस पूरी तरह हट चुका है।
प्राप्त आधिकारिक आमंत्रण और सूचना के आधार पर, इस नवगठित राज्य मंत्रिमंडल के शपथग्रहण समारोह की मीडिया कवरेज के लिए कल यानी शनिवार से आधिकारिक मीडिया पास और इनविटेशन कार्ड वितरित किए जाएंगे।
यह जानकारी बंगाल सरकार के सूचना व संस्कृति विभाग की ओर से दी गई है। कहा जा रहा है कि मंत्रिमंडल का यह बहुप्रतीक्षित विस्तार एक जून को राजभवन में संपन्न हो सकता है।
सूत्रों अनुसार, इस विस्तार में उत्तर बंगाल, जंगलमहल और मतुआ बहुल क्षेत्रों के विधायकों को बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है ताकि राज्य में एक मजबूत और संतुलित प्रशासनिक ढांचा तैयार किया जा सके।
शुभेंदु अधिकारी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि उनकी सरकार का लक्ष्य बंगाल का नवनिर्माण करना है। नए मंत्रियों के आने से लंबित विकास योजनाओं और प्रशासनिक सुधारों को नई गति मिलने की उम्मीद है।