सुप्रीम कोर्ट ने दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की मां रानी कपूर और उनकी पत्नी प्रिया कपूर को निर्देश दिया कि वे ऐसी कोई कार्रवाई नहीं करें जो मध्यस्थता की प्रक्रिया को सीधे प्रभावित कर सके।
शीर्ष अदालत ने अवलोकन किया कि सभी संबंधित पक्षों के लिए इस पूरे विवाद को सौहार्दपूर्ण ढंग से समाप्त करना हितकर होगा, अन्यथा यह ”लंबी लड़ाई” बनेगी।
पारिवारिक ट्रस्ट के विवाद में उलझी सास-बहू के लिए सुप्रीम कोर्ट ने मध्यस्थ के रूप में पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीवाइ चंद्रचूड़ को नियुक्त किया है।
जस्टिस जेबी पार्डीवाला और उज्जल भुइयां की पीठ 80 वर्षीय रानी कपूर द्वारा दायर आवेदन पर सुनवाई कर रही थी, जिन्होंने 18 मई को आयोजित होने वाली रघुवंशी इन्वेस्टमेंट प्राइवेट लिमिटेड की बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक को लेकर चिंता व्यक्त की।
रानी कपूर के लिए उपस्थित वकील ने तर्क किया कि रघुवंशी इन्वेस्टमेंट प्राइवेट लिमिटेड की मूल कंपनी में महत्वपूर्ण हिस्सेदारी है।
पीठ ने नोट किया कि रानी कपूर को एजेंडे में उन बिंदुओं की चिंता है जो दो स्वतंत्र निदेशकों की नियुक्ति और कंपनी के बैंक खातों के संचालन के लिए अधिकृत हस्ताक्षरकर्ताओं में कुछ संशोधन से संबंधित हैं।
प्रिया कपूर और रघुवंशी इन्वेस्टमेंट प्राइवेट लिमिटेड सहित प्रतिवादियों के लिए उपस्थित वकील ने कहा कि स्वतंत्र निदेशकों की नियुक्ति पर कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए और बैठक भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा जारी कुछ निर्देशों के मद्देनजर बुलाई जा रही है।
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें