वैश्विक तेल संकट की आहट: ईरान की जिद से भड़के ट्रंप, अमेरिकियों से कहा- ‘ऊंची तेल कीमतों के लिए तैयार रहें’…

ईरान को झुकाने की अमेरिकी कोशिशें जितनी लंबी खिंच रही हैं, होर्मुज संकट उतना ही गहरा होता जा रहा है।

रणनीतिक समुद्री मार्ग के लगभग ठप पड़ने से तेल की कीमतों में उछाल के बीच राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने अब अमेरिकी जनता से महंगे तेल की कीमत चुकाने के लिए तैयार रहने को कहा है।

न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, ईरान की ओर से होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए रखी गई कठोर शर्तों से निराश ट्रंप ने कहा कि ईरान को परमाणु हथियार रखने की अनुमति नहीं दी जा सकती और उसे काबू में रखने के लिए अमेरिकियों को कुछ आर्थिक कीमत चुकानी पड़ सकती है।

ईरान के साथ अमेरिका की बातचीत फिलहाल अटकी हुई है। जून में सामने आए शुरुआती समझौते की दिशा में दोनों पक्षों के लौटने के आसार भी फिलहाल कम दिखाई दे रहे हैं।

इसी गतिरोध के बीच होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। ट्रंप का दावा है कि स्ट्रेट खुला है, लेकिन सामान्य दिनों में जहां रोजाना बड़ी संख्या में जहाज इस रास्ते से गुजरते थे, वहीं अब गिनती के जहाज ही इसे पार कर पा रहे हैं।

कुछ जहाज ट्रांसपोंडर बंद करके भी जोखिम उठा रहे हैं।रायटर के अनुसार, ईरान ने साफ कर दिया है कि वह अमेरिकी दबाव के आगे झुकने के मूड में नहीं है।

ईरानी उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने एक्स पर कहा कि होर्मुज को खोलना या बंद करना ईरान के अधिकार क्षेत्र में है। उन्होंने अमेरिका पर वास्तविकता से मुंह मोड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि महज ट्वीट, विमानवाहक पोत, आदेश या चुनावी भाषण से स्ट्रेट नहीं खुल सकता।

ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने भी कहा है कि तेहरान ने अमेरिका के साथ बातचीत का कोई फैसला नहीं किया है। उनका कहना है कि यदि अमेरिका होर्मुज को खोलना चाहता है तो उसे ईरान की शर्तें स्वीकार करनी होंगी।

तीन ईरानी पायलट कतर के कब्जे में होने का दावा

एएनआई ने फार्स न्यूज के हवाले से दावा किया है कि ईरान के तीन लड़ाकू विमान पायलट कतर के कब्जे में हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, ये पायलट एसयू-24 विमानों में सवार थे और कतर में अल उदैद अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हमले के दौरान कतर की कार्रवाई की चपेट में आए।

ईरानी सर्च कमेटी के कमांडर मोहम्मद बाघेरजादेह के अनुसार, जावाद सलेही, अब्दोल-माजिद दश्तियान और इमरान बेहरूशियान पिछले छह महीने से कतर के कब्जे में हैं। उन्होंने दावा किया कि पायलटों को इंटरनेशनल रेड क्रास के प्रतिनिधियों से मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही है। ईरान ने इसे जिनेवा कन्वेंशन का उल्लंघन बताया है।

एक अन्य पायलट का शव कतर से मिलने और डीएनए जांच में उसकी पहचान माजिद काजेमी के रूप में होने की भी बात कही गई है।

लेबनान में इजरायली हमले, नौ की मौत

इस बीच, इजरायल ने शनिवार को दक्षिणी लेबनान में हवाई हमले किए। एपी के अनुसार, लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अंसार गांव में हुए हमले में नौ लोगों की मौत हुई, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, 20 जून को इजरायल और हिजबुल्ला के बीच हुए युद्धविराम के बाद इसे सबसे बड़े हमलों में से एक बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *