“Mamata Banerjee की छटपटाहट का कारण है हार का डर”, Suvendu Adhikari ने किया कड़ा हमला…

बंगाल भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले वह भाजपा के खिलाफ झूठे और मनगढ़ंत आरोप लगा रही हैं।

साल्टलेक स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि राज्य में चुनाव के दौरान अशांति फैलाने के लिए बाहरी लोगों को लाने संबंधी ममता बनर्जी का आरोप उनकी राजनीतिक हताशा को दर्शाती हैं।

उन्होंने कहा कि यदि इन आरोपों को सही माना जाये, तो यह राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है कि पुलिस ऐसे तत्वों की निगरानी क्यों नहीं कर पाई।

शमिक ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस को आगामी चुनाव में हार की आशंका है, इसलिए इस प्रकार के आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक अनुभवी राजनेता होने के नाते ममता बनर्जी को स्थिति का अंदाजा है और इसी कारण वह भड़काऊ बयान दे रही हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तृणमूल कांग्रेस भाजपा और चुनाव आयोग दोनों को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश करेगी।

साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं और पत्रकारों पर हमलों के मामलों में अब तक कितनी एफआइआर दर्ज हुईं और कितने आरोपितों को गिरफ्तार किया गया?

टिकट नहीं मिलने पर दिलीप घोष की पत्नी ने भाजपा नेतृत्व से जताई नाराजगी

बंगाल भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष की पत्नी व पार्टी की महिला इकाई की नेता रिंकू मजूमदार ने विधानसभा चुनाव के लिए टिकट नहीं मिलने पर भाजपा नेतृत्व के खिलाफ सार्वजनिक रूप से अपनी नाराजगी जाहिर की है।

रिंकू ने कहा कि उन्होंने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को अपनी नाराजगी से अवगत करा दिया है। पार्टी की दूसरी सूची जारी होने के अगले दिन शुक्रवार को रिंकू ने बिना नाम लिए विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी और बैरकपुर के पूर्व सांसद अर्जुन सिंह पर निशाना साधा। उन्होंने सुवेंदु और अर्जुन सिंह सहित उनके परिवार के सदस्य को भी टिकट मिलने पर आपत्ति जताई।

रिंकू ने पत्रकारों को बताया कि उन्होंने विधानसभा चुनाव में कोलकाता से सटे राजारहाट-न्यूटाउन निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लडऩे के लिए भाजपा नेतृत्व को आवेदन दिया था।

उन्होंने अपना बायोडाटा भी जमा कर दिया था। लेकिन गुरुवार को जब भाजपा द्वारा जारी दूसरी सूची में इस सीट से एक अन्य उम्मीदवार का नाम घोषित किया गया, तो रिंकू मजूमदार ने सार्वजनिक रूप से अपना गुस्सा जाहिर किया।

उन्होंने राजारहाट-न्यूटाउन सीट से भाजपा के उम्मीदवार बनाए गए पीयूष कनोरिया का नाम लिए बिना कहा कि जिस व्यक्ति को टिकट दिया गया है, उस पर वित्तीय घोटालों के आरोप हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *