अपने देश में यह आम बात है कि लोग विभिन्न रोगों के उपचार के लिए मेडिकल स्टोर पर जाकर अपनी मर्जी से एंटीबायोटिक्स खरीदकर उनका सेवन करते हैं।
बिना जरूरत के एंटीबायोटिक्स खाने या इसकी उचित डोज न लेने के कारण जीवाणु (बैक्टीरिया) अपने स्वरूप में बदलाव कर स्वयं को एंटीबायोटिक्स से बचाने के लिए तैयार कर लेते हैं और भविष्य में इन जीवाणुओं से संक्रमण होने पर एंटीबायोटिक्स काम नहीं करते।
एंटीबायोटिक्स समेत अन्य एंटीमाइक्रोबियल दवाओं के दुरुपयोग और आवश्यकता से अधिक उपयोग के कारण भारत में ही नहीं, विश्वभर में अनेक बैक्टीरिया, वायरस, पैरासाइट और फंजाइ ने समय के साथ इन जीवनोपयोगी दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित कर ली है।
इस एंटीमाइक्रोबियल रेसिस्टेंस यानी एएमआर को विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने वर्तमान में मानवता के समक्ष दस सर्वाधिक बड़े खतरों में से एक बताया है।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए दैनिक जागरण अपने सरोकार–स्वस्थ समाज के तहत इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ( IMA) के साथ मिलकर आज से एक समाचारीय अभियान की शुरुआत कर रहा है, जो आपको एएमआर के कारणों और उसके प्रभाव से परिचित कराते हुए बताएगा कि एंटीमाइक्रोबियल दवाओं के इस्तेमाल को लेकर आपकी क्या जिम्मेदारी है।
इसके साथ ही उन व्यवस्थागत कमजोरियों और नीतिगत चुनौतियों को भी सामने लाएगा, जो इस संकट को और गहरा कर रही हैं।
इस अभियान के जरिये हम ये बताएंगे कि बिना डॉक्टर के पर्चे के काउंटर से एंटीबायोटिक्स खरीदना किस तरह हानिकारक है।
मेडिकल स्टोर संचालक किस तरह मरीजों को बिना डाक्टरी सलाह के एंटीबायोटिक्स देकर एएमआर को बढ़ावा दे रहे हैं। यही नहीं, कई बार डॉक्टरों के द्वारा भी एंटीमाइक्रोबियल दवाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है।
ये भी बताएंगे कि एएमआर को रोकने के लिए हाथ स्वच्छ रखना, अस्पतालों-ओटी में स्वच्छता रखना और संक्रमण रोकना कितना महत्वपूर्ण है।
एएमआर कृषि से लेकर मांसाहार तक को प्रभावित कर किस तरह हमारी खाद्य सुरक्षा को नुकसान पहुंचा रहा है।
सात दिवसीय समाचारीय अभियान के बाद हम आपके साथ ही केमिस्ट और डॉक्टरों तक भी पहुंचेंगे और उन्हें बताएंगे कि एएमआर को बढ़ने से रोकने में किस तरह उनका योगदान जरूरी है।