वर्ष दर वर्ष विद्युत निगम में छोटे-बड़े अधिकारी बदलते रहे, लेकिन नहीं रुका तो इंदिरापुरम स्थित कनावनी की झुग्गियों में अवैध तरीके से बिजली बेचने का खेल।
करीब 10 वर्ष पहले शुरू हुए इस खेल के दौरान नौ मुख्य अभियंता (सीई), पांच अधीक्षण अभियंता और 11 एसडीओ बदले, लेकिन फिर भी यह खेल जारी रहा। किसी भी अधिकारी ने इसे रोकना सही नहीं समझा और सभी मिलकर मलाई चाटते रहे।
जिले को तीन जोन में बांटा
वर्ष 2016 से कनावनी में झुग्गी बनी हुई हैं। तभी से ये खेल शुरू हो गया था। करीब दो वर्ष पहले ही बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए जिले को तीन जोन में बांटा गया। इस दौरान ट्रांस हिंडन को जोन-तीन बनाया गया। यहां वसुंधरा सेक्टर-सात में कार्यालय बनाकर मुख्य अभियंता की तैनाती की गई।
बिजली बेचने का खेल रहा जारी
वर्तमान में यहां कार्यकारी मुख्य अभियंता समेत चौथे मुख्य अभियंता की तैनाती हुई है। उससे पहले जब तक जिला जोन में नहीं बांटा था पांच मुख्य अभियंता बदल चुके थे। यानी कुल नौ मुख्य अभियंता अभी तक बदले हैं। इसके बाद भी किसी ने भी अवैध तरीके से बिजली बेचने पर रोक नहीं लगाई।