कनाडा में हंटावायरस का पहला मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य एजेंसियों में चिंता बढ़ गई है।
कनाडा की सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंसी ने पुष्टि की कि संक्रमित व्यक्ति क्रूज जहाज एमवी होंडियस का यात्री था और फिलहाल ब्रिटिश कोलंबिया में आइसोलेशन में रखा गया है।
संक्रमित व्यक्ति के साथ यात्रा कर रहे दूसरे यात्री की रिपोर्ट निगेटिव आई है। फिलहाल कनाडा में सभी हाई-रिस्क संपर्कों की निगरानी जारी है।
हंटावायरस का प्रकोप
हंटावायरस का यह प्रकोप एमवी होंडियस जहाज पर फैला, जिसमें अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। सोमवार को यह जहाज नीदरलैंड के राटरडैम पहुंचा, जहां पूरे जहाज को संक्रमणमुक्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
अधिकारियों के अनुसार जहाज के 25 क्रू सदस्य और दो मेडिकल कर्मचारी क्वारंटीन में रहेंगे। विशेषज्ञों का कहना है कि एंडीज वायरस से जुड़ा यह संक्रमण मुख्य रूप से चूहों से फैलता है, हालांकि लंबे और करीबी संपर्क में इंसानों के बीच भी संक्रमण संभव है। डब्लयूएचओ ने फिलहाल आम लोगों के लिए खतरा कम बताया है।