‘बंगाल का दर्द पूरे देश ने महसूस किया’, BJP की जीत पर पीएम मोदी का बड़ा बयान…

गुजरात के जामनगर में रविवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की पहली जीत को ऐतिहासिक और भावनात्मक बताया।

उन्होंने कहा कि अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने पहली बार किसी चुनाव परिणाम का इतना गहरा असर पूरे देश पर देखा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल की पीड़ा केवल वहां तक सीमित नहीं थी, बल्कि देश के दूसरे हिस्सों के लोगों ने भी उसे महसूस किया।

उन्होंने कहा कि गुजरात के हर कोने में लोग पूछते थे कि बंगाल की यह स्थिति कैसे हो गई। वहीं अब बंगाल में ऐसा माहौल है, जैसे लोग किसी बड़े बंधन से मुक्त हुए हों।

भाजपा कार्यकर्ताओं के बलिदान का किया जिक्र

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बंगाल में भाजपा के 300 से अधिक कार्यकर्ताओं ने अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के बलिदान और संघर्ष ने पार्टी के संकल्प को हकीकत में बदल दिया।

उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा का सुशासन मॉडल और जनकल्याणकारी योजनाएं बंगाल को नई दिशा देंगी। मोदी ने कहा कि पिछले 50 वर्षों में जो दूरी और नुकसान पैदा हुआ है, उसे भाजपा सरकार दूर करने का काम करेगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल के चुनाव ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा। उन्होंने कहा कि देश का शायद ही कोई ऐसा कोना होगा, जहां लोगों ने बंगाल की स्थिति को लेकर चिंता महसूस न की हो।

बंगाल में पहली बार बनी भाजपा सरकार

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 293 में से 207 सीटों पर कब्जा किया। वहीं तृणमूल कांग्रेस को 80 सीटें मिलीं। इस जीत के साथ राज्य में 15 साल पुराना तृणमूल कांग्रेस का शासन खत्म हो गया। भाजपा ने पहली बार बंगाल में सरकार बनाई है और सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *