“Donald Trump और Vladimir Putin के फैसलों से दुनिया में गहराया ऊर्जा संकट, ‘मैं तंग आ चुका हूं’; ब्रिटिश पीएम Keir Starmer का गुस्सा”…

पहले यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध और अब अमेरिका और ईरान के बीच तनातनी के चलते तेल और गैस के संकट से जूझ रही पूरी दुनिया के बीच ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने अपनी झुंझलाहट जाहिर कर दी है।

स्टार्मर ने कहा कि पूरी दुनिया इन दोनों नेताओं की नीतियों और फैसलों की कीमत चुका रही है।

ब्रिटेन में भी इसी वजह से तेल और गैस का संकट न केवल गहरा गया है, बल्कि महंगाई भी चरम पर है। स्टार्मर बोले कि वह इस स्थिति से तंग आ चुके हैं।

होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों का आवागमन हो सुचारु: स्टार्मर

द गार्जियन अखबार के अनुसार, आईटीवी से बातचीत में स्टार्मर ने कहा कि पश्चिम एशिया में युद्धविराम के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों का आवागमन सुचारु करने के लिए जल्द से जल्द व्यावहारिक योजना पर काम शुरू होना चाहिए।

डाउनिंग स्ट्रीट के अनुसार, ट्रंप और स्टार्मर ने इस मसले पर बातचीत भी की। उन्होंने अगले चरण में होर्मुज से जहाजों की आवाजाही को जल्द से जल्द सामान्य करने पर जोर दिया। रायटर के अनुसार, दोनों नेताओं ने होर्मुज को खुलवाने के लिए सैन्य उपायों पर भी चर्चा की।

स्टार्मर ने ट्रंप को बनाया निशाना

तमाम मौकों पर ट्रंप के निशाने पर रहनेवाले स्टार्मर ने कहा कि चाहे यूक्रेन युद्ध हो या पश्चिम एशिया का तनाव, इससे पूरी दुनिया में तेल और गैस का संकट बढ़ रहा है, लोगों का खर्च बढ़ रहा है, कारोबार प्रभावित हो रहे हैं। स्टार्मर ने इसमें इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू पर भी भड़ास निकाली।

उन्होंने लेबनान पर इजरायली कार्रवाई के लिए नेतन्याहू की कड़ी निंदा की और कहा कि उनकी ये कार्रवाई ईरान को उकसाएगी, जो लेबनान को भी युद्ध विराम में शामिल करने पर जोर दे रहा है।

उन्होंने कहा कि ये हमले तुरंत रुकने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह केवल तकनीकी मुद्दा नहीं है कि समझौते का उल्लंघन हुआ या नहीं, बल्कि यह मूल रूप से गलत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *