AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मंगलवार को ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस समेत कई राजनीतिक दलों पर नरम हिंदुत्व का खेल खेलने का आरोप लगाया और मुसलमानों से स्वतंत्र राजनीतिक नेतृत्व बनाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि धर्मनिरपेक्ष दल भाजपा के विस्तार को रोक नहीं पाएंगे और दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस बंगाल चुनाव में एसआईआर और मुसलमानों के शोषण के कारण हारी।
टीएमसी ने नरम हिंदुत्व का खेल खेलने की कोशिश की- ओवैसी
ओवैसी की ये टिप्पणी बंगाल में भाजपा द्वारा ममता बनर्जी के 15 साल के शासन को समाप्त करने के एक दिन बाद आई है। ओवैसी ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी (आप), शिवसेना (यूबीटी), महाराष्ट्र की पूर्व राकांपा और बंगाल की टीएमसी ने अतीत में नरम हिंदुत्व का खेल खेलने की कोशिश की।
एआइएमआइएम नेता ने कहा कि अब समय आ गया है कि मुसलमान एकजुट हों और अपना राजनीतिक नेतृत्व बनाएं ताकि कम से कम उन्हें अपनी उपेक्षा के खिलाफ आवाज उठाने का मौका मिले और ऐसे निर्वाचित प्रतिनिधि हों जो विकास के लिए काम कर सकें।